बीजापुर में दिखेगा फुटबॉल का रोमांच, 11 से होगा “मनवा फुटबॉल” ट्राफी का आगाज

बीजापुर :- धमाके, गोलियों की तड़तड़ाहट नहीं बल्कि नक्सलगढ़ की पहचान अब खेल से होने लगी है। छत्तीसगढ़ के सर्वाधिक माओवाद प्रभावित बीजापुर में खेल अकादमी की नींव रखने के बाद खेलों की तासीर से जिले की छवि काफी हद तक बदली है। अब इस मुहिम को आगे बढ़ाते हुए चिकटराज फुटबॉल समिति के तत्वावधान में मनवा बीजापुर फुटबॉल ट्राफी का आयोजन होने जा रहा है। जिला स्तर इस प्रतियोगिता का आगाज रविवार 11 सितम्बर से होगा, जिसमे जिले की चुनिंदा 16 टीमें भाग लेंगी, आयोजक स्पर्धा को सफल बनाने जी जान से जुटे हुए है। खेल अकादमी के सचिव गणेश मिश्रा ने बताया कि बीजापुर में खेल प्रतिभाओं की कमी नही है, सॉफ्टबॉल से लेकर तीरंदाजी में यहाँ के बच्चों ने बाहर अपना लोहा मनवाया है। बीजापुर उस कोयले की खान की तरह है जिसमे खेल के रुप में अनगिनत हीरे छीपे हुए है, उन्हें बस तराशने की दरकार है। आयोजन समिति भी इन्हीं उद्देश्यों को लेकर वरहद स्तर पर यह आयोजन करवा रही है। टूर्नामेंट में फीफा के नियमों का पूरा पालन होगा, इसके अलावा मान्यता प्राप्त रेफरी के मार्ग दर्शन में मैच होंगे। प्रथम पुरस्कार के रूप में विजेता टीम को 20 हजार तथा रनरअप टीम को 15 हजार नकद पुरस्कार के अलावा ट्राफी प्रदान की जाएगी, इसके अलावा पूरे टूर्नामेंट में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी, डिफेंडर, स्ट्राइकर और मिडफील्डर भी सम्मानित होंगे,इधर जिले में फुटबॉल को लेकर बड़े आयोजन से खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। आयोजन में बतौर मुख्य अतिथि बीजापुर विधायक एवं बस्तर विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष विक्रम मण्डावी के अलावा जिला पंचायत अध्यक्ष शंकर कुडियम, जिला कांग्रेस अध्यक्ष लालू राठौड़, नपा अध्यक्ष बेनहुर रावतीय, जिला पंचायत उपाध्यक्ष कमलेश कारम,जिला पंचायत सदस्य नीना रावतीय, कृषक कल्याण बोर्ड सदस्य बसन्त ताटी,जनपद अध्यक्ष बोधी ताती,नपा उपाध्यक्ष पुरषोत्तम सल्लुर,जनपद उपाध्यक्ष सोनू पोटॉम विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *