गठबन्धन की वजह से हमारी पार्टी को हुआ नुकसान, अन्यथा किंगमेकर की भूमिका में होती जनता कांग्रेस – अमित जोगी
बीजापुर :- अपने दो दिवसीय प्रवास पर बीजापुर आये जेसीसीजे के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी ने सर्किट हाउस में पत्रकारों को सम्बोधित करते हुए कहा कि पिछले चुनाव में हमारी पार्टी ने सीपीआई और बसपा से गठबंधन कर चुनाव लड़ा था । इस गठबंधन के चलते हमारी पार्टी को काफी नुकसान उठाना पड़ा। यदि भाजपा अपने पंद्रह वर्ष के कार्यकाल के बाद 15 सीटों पर नही सिमटती तो हमारी पार्टी किंगमेकर की भूमिका में होती । अमित जोगी ने आगे कहा कि आने वाले चुनाव में भी हमारी पार्टी क्षेत्रीय दलों जो प्रदेश के बारे में सोचती है उनसे गठबन्धन करके चुनाव लड़ेगी । जनता का समर्थन हमारी पार्टी के साथ है और हमे इस बार भरपूर समर्थन मिलेगा ।
अमित जोगी ने आगे कहा कि बस्तर में इस समय 40 प्रतिशत जंगल बचा हुआ है, किंतु बीजापुर जिले में अवैध कटाई के चलते महज 30 प्रतिशत जंगल ही शेष है। यहां भी कैम्पा मद के नाम से पेड़ो की कटाई करते हुए पैसों का बन्दर बाट किया जा रहा है । बस्तर की जीवन दायनी इंद्रावती नदी का बहाव सबसे ज्यादा बीजापुर जिले से होकर बहती है, किंतु नदी किनारे बसे ग्रामीण भी इस नदी का पानी उपयोग नही कर पा रहे हैं । जबकि तेलंगाना के देवदुल्ला में इसी नदी के पानी को डेम बनाकर वहां के किसानों को सिंचाई के लिए उपलब्ध कराया जा रहा है, जिसके कारण वहां के किसान अब सम्पन्न होने लगे हैं । यदि जिले में उक्त नदी पर डेम बना कर पानी को रोका जाए तो बीजापुर के किसान भी सम्पन्न हो सकते हैं ।
अमित जोगी ने भाजपा की पूर्व सरकार को आड़े हांथ लेते हुए कहा कि माओवादी विरोधी सलवा जुडूम अभियान के दौरान हजारों लोग घर से बेघर हो गए, हजारों ने अपनी जान गंवाई थी जिसकी सारी जिम्मेदारी भाजपा की है । अब हारने के बाद भाजपा धर्म के नाम पर साम्प्रदायिकता फैलाने में लग गई है , यह आरएसएस का बहुत बड़ा एजेंडा है ताकि अपनी खोई प्रतिष्ठा को वापस पा सके । इसके बावजूद कांग्रेस की भूपेश सरकार तमाशबीन बनी हुई है । जबकि हमारा देश धर्म निरपेक्ष देश है यहाँ हर किसी को स्वतंत्रता का अधिकार है । अमित जोगी ने कहा माओवाद से बड़ी हिंसा धर्म का सहारा लेना है ।
अमित जोगी ने कहा वर्ष 2017 में बीजापुर आया था और यहाँ के जिला अस्पताल को देखा था । विपक्ष में रहते हुए भी मैं यहाँ के अस्पताल को प्रदेश का बेहतर अस्पताल मानते हुए तारीफ किया था , राष्ट्रीय स्तर पर भी इस अस्पताल की तारीफ होती थी किंतु अब यही अस्पताल शासन प्रशासन की अनदेखी के कारण एक रिफर सेंटर बन कर रह गया है । बीजापुर से हैदराबाद और वारंगल काफी करीब है, जिले के लोग ज्यादातर बेहतर उपचार के लिए इन्ही जगहों की जाने लगे हैं । मैं प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री को पत्र लिख कर मांग करूंगा कि जिस तरह आयुष्मान और खूबचन्द बघेल कार्ड से प्रदेश में मरीजों को मुफ्त उपचार प्राप्त हो रहा है, उसी तरह हैदराबाद और वारंगल के असपतालो में भी इन कार्ड को मान्यता दिलाने का प्रयास करें , ताकि क्षेत्र की जनता को तेलंगाना में भी कार्ड के माध्यम में बेहतर उपचार मिल सके ।
अमित जोगी ने आदिवादियो के धर्मांतरण के बारे में कहा कि आदिवासी एक जाति है और वे स्वतंत्र हैं किसी भी धर्म को मानने अपनाने के लिए । किसी भी जाति का व्यक्ति किसी भी धर्म को अपनाना चाहे अपना सकता है, यह उसका मौलिक अधिकार है । धर्म के नाम पर राजनीति करने वालो को अपना मुंह हमेशा बंद रखना चाहिए, किसी की स्वतंत्रता का हनन नही किया जाना चाहिए । इस दौरान नवनीत चांद, सकनी चन्द्रीय, जमुना सकनी , विजय झाड़ी सहित जेसीसीजे के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे ।
