भूपेश सरकार का आदिवासी विरोधी चेहरा आया सामने -सकनी
बीजापुर:- जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़(जे.) संयुक्त महासचिव तथा बस्तर सम्भाग कोरकमेटी सदस्य चन्द्रैया सकनी ने आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य सरकार आदिवासियों के मांगों पर असंवेदनशील है।आदिवासी जब भी अपनी मांगों को लेकर जिला या ब्लाक मुख्यालय आना चाहते हैं तो उन्हें आधे रास्ते ही वापिस लौटा दिया जाता है।एक ओर सरकार के वादाखिलाफी के विरुद्ध संविदा, अनियमित, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, रसोई संघ, सचिव संघ आदि कर्मचारी प्रदेश में आंदोलित हैं।दूसरी तरफ सिलगेर, बुर्जी, बेचापाल, इन्द्रावती तट आदि जगहों पर ग्रामीण गांधीवादी तरीका से प्रर्दशन कर रहे हैं।उन आंदोलनकारियों से भी सरकार अब तक कोई सकारात्मक चर्चा हेतु कदम नहीं उठाया।जब ग्रामीण अपनी समस्याओं को लेकर शासन प्रशासन तक पहुंचाने के लिए जिला या ब्लाक मुख्यालय आने लगते हैं तो उनसे देशद्रोहियों जैसा बर्ताव किया जाता है और रास्ते से ही मांगों का ज्ञापन लेकर लौटा दिया जाता है।जो सीधा-सीधा लोकतंत्र का अपमान है।जिन आदिवासी के दम पर कांग्रेस सत्ता में आयी आज उन्हें ही अपनी बात रखने नहीं दिया जा रहा है।इसकी खामयाजा भूपेश सरकार को आगामी विधानसभा चुनाव में भुगतना पड़ेगा।
