नगर पंचायत के अंदर वन विभाग ने पकड़ा एक घन मीटर से अधिक अवैध सागौन चिरान, मामला किया पंजीबद्ध
भोपालपटनम :- जिले के भोपालपटनम क्षेत्र में आये दिन बेशकीमती सागौन की अवैध कटाई और तस्करी के मामले सामने आते रहे हैं, और विभाग भी समय समय पर तस्करों पर कार्यवाही कर अवैध कटाई और तस्करी को रोकने का प्रयास कर रही है । विभाग की कार्यवाही के बावजूद तस्करों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं, और निर्बाध गति से सागौन की अवैध कटाई किया जा रहा है । विभाग द्वारा लगातार कार्यवाही करने के बाद भी अब नगर पंचायत क्षेत्र से सागौन के अवैध चिरान बरामद होने लगे हैं । इससे साफ प्रतीत होता है कि विभाग की कार्यवाही का खौफ तस्करों पर बिल्कुल भी नही है ।

एक ऐसा ही मामला बुधवार 23 अगस्त 2023 को भोपालपटनम नगर पंचायत क्षेत्र में देखने को मिला है । जहां सूचना के आधार पर आईटीआर के कोर क्षेत्र के एसडीओ मनोज बघेल और सामान्य वन मंडल के एसडीओ नीतीश रावटे की संयुक्त टीम में घर मे दबिश देकर लगभग एक घन मीटर से अधिक सागौन के अवैध चिरान पकड़ कर कार्यवाही किया है ।

इस मामले पर कोर क्षेत्र के एसडीओ मनोज बघेल ने बताया कि सूचना के आधार पर भोपालपटनम नगर पंचायत के रालापल्ली निवासी बाबा शेख पिता रहीम शेख के घर से 68 नग लगभग 1.394 घमी सागौन चिरान जब्त किया गया है । जिस पर वन अधिनिय POR NO – 14743/05 दिनांक 23/08/2023 तहत कार्यवाही किया गया है । वहीं रालापल्ली निवासी विजार खान पिता ललिया खान के घर से 22 नग, 0.665 घमी सागौन चिरान जब्त किया गया जिस ओर POR N – 14743/06 दिनांक 23/08/2023 की कार्यवही किया गया है ।
कठोर कार्यवाही के अभाव में तस्करों के हौसले बुलंद
क्षेत्र में लगातार अवैध कटाई व तस्करों पर वन विभाग कार्यवाही करता आ रहा है, किंतु कठोर कार्यवाही के नही होने से आसानी से आरोपी बच निकलने में सफल हो जाते हैं , और पुनः अवैध कारोबार पर निकल पड़ते हैं ।
कुछ विभागीय कर्मचारियों की मिलीभगत से अवैध कटाई की क्षेत्र में दबी जुबान से चर्चा –
वन विभाग की इन कार्यवाही के बाद स्थानीय लोग विभाग के चंद कर्मचारियों की मिलीभगत से सागौन की कटाई व तस्करी की बातों को दबी जुबान से स्वीकार करने लगे हैं । स्थानीय लोगों की माने तो विभाग के कुछ लोगों की मिलीभगत के चलते बेशकीमती सागौन की अवैध कटाई और तस्करी थमने का नाम नही ले रही है । दिनों दिन तस्करों के हौसले बुलंद होते जा रहे है और लगातार सागौन की अवैध कटाई हो रही है ।
