किसानों के हित मे शिवसेना ने मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन, मांग पूरी ना होने पर प्रदेश स्तर के साथ रायपुर में आंदोलन करने की दी चेतावनी
भानूप्रतापपुर:- शिवसेना द्वारा छत्तीसगढ़ प्रदेश के किसानों की धान खरीदी की समस्या को देखते हुए पूरे प्रदेश में आंदोलन प्रारंभ कर प्रदेश के मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंप कर किसानों की समस्या दूर करने की मांग किया जा रहा है। इसी कड़ी में शिवसेना द्वारा एसडीएम भानुप्रतापपुर को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंप कर छत्तीसगढ़ के किसानों की मांग पूर्ण करने का आग्रह किया है ।
शिवसेना द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में प्रमुख मांगे छत्तीसगढ़ के किसान मुख्य रूप से धान की पैदावार करते हैं और प्रदेश का मुख्य त्यौहार दिवाली 4 नवंबर को है अतः किसानों के बोनस का एवं धान का संपूर्ण पुराना भुगतान दिवाली के पूर्व किया जाए ।धान खरीदी वर्ष 2020, 21 में बारदाना की बहुत किल्लत हुई थी और किसानों को मजबूरी में बारदाना बाहर से अधिक मूल्य में खरीदना पड़ा था इसलिए सरकार धान खरीदी के पहले बारदाना की पूर्ण व्यवस्था करें। प्रदेश में धान कटाई अंतिम चरण में है और धान कटाई के बाद किसानों के पास धान को सुरक्षित रखने व्यवस्था नहीं है इसलिए सरकार धान खरीदी 15 नवंबर से प्रारंभ करें।सरकार छत्तीसगढ़ के किसानों का संपूर्ण धान शासकीय दर पर खरीदी करें। अगर सरकार द्वारा शीघ्र ही इन मांगों को पूरा नहीं किया जाता है तो शिवसेना द्वारा प्रदेश स्तर पर आंदोलन प्रारंभ कर रायपुर में प्रदर्शन किया जाएगा।
