छग में इतिहास रचते गुजरेगी भारत जोड़ो न्याय यात्रा कांग्रेस



छग में यात्रा के रोडमैप पर की गई विस्तृत चर्चा

जगदलपुर। कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा निकाली जाने वाली भारत जोड़ो न्याय यात्रा छत्तीसगढ़ में नया इतिहास रचते और उम्मीद की किरण बिखेरते हुए गुजरेगी। यह कहना है प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज और वरिष्ठ नेता डॉ. चरणदास महंत का। ये दोनों ने कल यात्रा के सिलसिले में नई दिल्ली जाकर राहुल गांधी से मिले। तीनों नेताओं के बीच छत्तीसगढ़ में यात्रा के रोड मैप और तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
राहुल गांधी से मुलाकात के बाद इस संवाददाता से चर्चा करते हुए दीपक बैज ने कहा कि राहुल गांधी देश की एकता, अखंडता और सौहार्द की लड़ाई लड़ रहे हैं।उन्होंने पहले चरण me जो भारत जोड़ो यात्रा निकाली थी, उसे देशवासियों का भरपूर स्नेह, समर्थन और आशीर्वाद मिला था। श्री बैज ने कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस परिवार देश के हित के लिए तपस्या कर रहे हैं। देशवासी इस तपस्या के अग्निकुंड में बढ़ चढ़कर आहुति देते आए हैं। पहले चरण में भारत जोड़ो यात्रा के दौरान साढ़े तीन हजार किलोमीटर से भी अधिक दूरी की पैदल यात्रा कर राहुल गांधी ने नया इतिहास रचा था।अब निकाली जा रही भारत जोड़ो न्याय यात्रा भी नया इतिहास रचेगी। दीपक बैज ने बताया कि छत्तीसगढ़ की जनता और कांग्रेसजन भारत जोड़ो न्याय यात्रा के साथ अपने चहेते नेता राहुल गांधी के राज्य की धरती पर आगमन को लेकर काफी उत्साहित हैं और इस गौरवशाली यात्रा का सहचर बनने के लिए लालायित भी हैं। उम्मीदों की नई किरण साबित होगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद दीपक बैज ने बताया कि 14 जनवरी को मणिपुर से मुंबई तक के लिए शुरू हो रही भारत जोड़ो न्याय यात्रा 67 दिनों में 110 जिलों से गुजरती हुई 6700 किलोमीटर से ज्यादा दूरी तय करेगी। यात्रा छत्तीसगढ़ के 7 जिलों से गुजरेगी तथा 536 किलोमीटर का सफर 5 दिनों तक राहुल गांधी छत्तीसगढ़ में पैदल तय करेंगे। छत्तीसगढ़ में यात्रा को अविस्मरणीय और ऐतिहासिक बनाने के लिए प्रदेश कांग्रेस कमेटी और जिला कांग्रेस कमेटियों द्वारा व्यापक तैयारी की जा रही है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद दीपक बैज ने कहा कि देश की एकता, अखंडता, संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए कांग्रेस प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *