नहीं रहे पूर्व सीएम भूपेश बघेल के पिता नंदकुमार बघेल
जगदलपुर। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पिताजी नंदकुमार बघेल का 8 जनवरी को तड़के बालाजी हॉस्पिटल में निधन हुआ। दोपहर 1.40 बजे दिल्ली से उनका पार्थिव शरीर यहां लाया जाएगा। उनके पार्थिव शरीर को आम लोगों के दर्शनार्थ पाटन सदन में रखा जाएगा। नंदकुमार बघेल का अंतिम संस्कार भूपेश बघेल की छोटी बहन के विदेश से लौटने के बाद 10 जनवरी को गृहग्राम कुरुदडीह में किया जाएगा। नंदकुमार बघेल के निधन पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमनसिंह, उप मुख्यमंत्री द्वय अरुण साव एवं विजय शर्मा, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण देव सिंह, मंत्री केदार कश्यप, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, पूर्व मंत्री रविंद्र चौबे, ताम्रध्वज साहू, विधायक कवासी लखमा, लखेश्वर बघेल, विक्रम मंडावी, पूर्व विधायक रेखचंद जैन, चंदन कश्यप, शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य, महापौर सफीरा साहू, नगर निगम अध्यक्ष कविता साहू ने शोक व्यक्त किया है। इन सभी नेताओं ने दिवंगत नंदकुमार बघेल को श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए शोक संतप्त बघेल परिवार को दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना ईश्वर से की है।
