शशि मोहन सिंह बनाए गए बस्तर के पुलिस अधीक्षक
जगदलपुर। छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल पांचवी वाहिनी के जगदलपुर के सेनानी शशि मोहन सिंह को बस्तर के पुलिस अधीक्षक पद का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। छग शासन गृह विभाग के अवर सचिव मनोज कुमार श्रीवास्तव ने राजयपाल के आदेशानुसार आईपीएस शशि मोहन सिंह को बस्तर एसपी का प्रभार देने संबंधी परिपत्र जारी किया है। 2012 बैच के आईपीएस शशि मोहन सिंह एक कर्तव्य परायण और संवेदनशील पुलिस अधिकारी माने जाते हैं। वे सांस्कृतिक गतिविधियों में विशेष रूचि रखते हैं। अभिनय के क्षेत्र में उनकी अच्छी पकड़ है। विभिन्न मंचों पर उनकी प्रस्तुतियां सराही जाती रही हैं। कुछ छत्तीसगढ़ी पारिवारिक फिल्मों में भी शशि मोहन सिंह शानदार अभिनय कर खूब तारीफ बटोर चुके हैं। शशि मोहन सिंह बस्तर का पुलिस अधीक्षक बनाए जाने से जिले के कला प्रेमियों, बुद्धिजीवियों और सामाजिक संगठनों के लोगों ने खुशी जताते हुए उन्हें बधाई दी है।
