नगर पालिका अध्यक्ष नायर ने शहर के विकास के लिए डिप्टी सीएम से मांगा पैकेज



दल्ली राजहरा। नगर पालिका अध्यक्ष शीबू नायर ने उप मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर दल्ली राजहरा में विकास कार्य जारी रखने के लिए राशि स्वीकृत करने की मांग की।
दल्ली राजहरा साहू समाज द्वारा आयोजित कर्मा जयंती महोत्सव एवं आदर्श विवाह समारोह में आए छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव से नगर पालिका अध्यक्ष शीबू नायर ने नगर के विकास कार्यों हेतु पूर्व में स्वीकृत राशि जारी करने की मांग की, ताकि लगातार दल्ली राजहरा नगर में बह रहे विकास की अविरल धारा को जारी रखा जा सके। इसके साथ ही श्री नायर ने उप मुख्यमंत्री को जानकारी दी कि प्लेसमेंट कर्मियों की संख्या में कटौती से सफाई कार्य पर विपरीत प्रभाव पड़ रहा है। नगर को क्लीन सिटी बनाने के लक्ष्य को साकार करने हेतु प्लेसमेंट कर्मियों की नई पद संरचना को स्वीकृति प्रदान करने की मांग भी श्री साव से की। ज्ञात हो कि नगर पालिका अध्यक्ष शीबू नायर द्वारा लगातार अपने नेतृत्व में नगर के विभिन्न वार्डों और चौक चौराहों में लगातार सफाई कार्य करवाया जाता रहा है। इसके परिणाम स्वरूप कई ऐसे चौक चौराहे, जहां पूर्व में गंदगी पसरी रहती थी और लोगों के द्वारा डोर टू डोर कचरा इकट्ठा किये जाने के बाद भी कचरा फेंका जाता था, अब वहां सुबह लोगों के उठने के पहले ही सफाई कार्य पूर्ण कर लिया जाता है। प्लेसमेंट कर्मियों की कटौती से तथा कुछ कर्मियों के सेवानिवृत्त हो जाने से सफाई कार्य पर प्रभाव पड़ रहा है। सफाई कार्य को पूर्व की भांति जारी रखने के उद्देश्य से यह मांग की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *