हुई कराते ग्रेडिंग परीक्षा
जगदलपुर। बस्तर मार्शल आर्ट अकादमी द्वारा कराते बेल्ट ग्रेडिंग परीक्षा का सफल आयोजन 13 एवं 14 जुलाई को बस्तर मार्शल आर्ट अकादमी द्वारा प्रियदर्शिनी इंदिरा स्टेडियम जगदलपुर में अत्यंत उत्साह, अनुशासन एवं उमंगपूर्ण वातावरण में किया गया। इस परीक्षा का मुख्य उद्देश्य प्रतिभागियों की तकनीकी दक्षता का मूल्यांकन कर उन्हें उनकी योग्यता अनुसार नई बेल्ट व प्रमाणपत्र प्रदान करना रहा।

यह परीक्षा फीनिक्स शितोरियो कराते डू एसोसिएशन इंडिया के प्रमुख एवं छत्तीसगढ़ शासन द्वारा वीर हनुमान प्रसाद सम्मान से सम्मानित हंसी अमल तालुकदार के मार्गदर्शन में संपन्न हुई। श्री तालुकदार ने परीक्षा के दौरान खिलाड़ियों को कराते के अद्यतन नियमों एवं आधुनिक तकनीकों से परिचित कराया। उन्होंने प्रत्येक प्रतिभागी की तकनीकी क्षमता, आत्मरक्षा शैली, गति, संतुलन और नियंत्रण का सूक्ष्म निरीक्षण कर व्यक्तिगत रूप से मार्गदर्शन प्रदान किया।परीक्षा के विभिन्न चरणों में प्रतिभागियों को काता, किक, पंच, ब्लॉक, इप्पोन कुमिते तथा एडवांस कुमिते जैसे तकनीकी विभागों में परखा गया। परीक्षा के दौरान स्व. राजेंद्र डेकेटे को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उनकी प्रेरणा एवं मार्गदर्शन से ही आज अनेक खिलाड़ी आत्मविश्वास के साथ कराते का अभ्यास कर रहे हैं। यह आयोजन उन्हें समर्पित एक भावपूर्ण स्मृति बन गया।
इस आयोजन को सफल बनाने में बस्तर मार्शल आर्ट अकादमी के अध्यक्ष विजय पाल, सचिव भगत सोनी, तथा वरिष्ठ प्रशिक्षकों प्रकर्ष राव, मार्कण्डेय सिंह, ममता पांडेय, के. ज्योति, आनंदिता सिंह राजपूत, एम. प्रशांत नायडू एवं गुरप्रीत कौर सैनी की भूमिका सराहनीय रही।
