भिलाई में जे. के. फाउंडेशन द्वारा ब्यूटी कार्निवाल एवं तीज महोत्सव का भव्य आयोजन, समाजसेवी विष्णु पाठक का हुआ सम्मान

भिलाई : – आज शहर के प्रतिष्ठित होटल अमित पार्क में जे. के. फाउंडेशन के तत्वावधान में एक भव्य कार्यक्रम “ब्यूटी कार्निवाल एवं तीज महोत्सव” का आयोजन किया गया। इस सांस्कृतिक कार्यक्रम में नारी सशक्तिकरण, सौंदर्य, परंपरा और संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिला।

कार्यक्रम की विशेष बात यह रही कि समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले विष्णु पाठक जी का सम्मान समारोह भी इस अवसर पर आयोजित किया गया। उपस्थित आयोजकों एवं अतिथियों ने उन्हें फूलों का बुके भेंट कर हार्दिक स्वागत किया और स्मृति चिह्न (मूमेंटो) प्रदान कर उनका गरिमामय सम्मान किया।

विष्णु पाठक जी को सम्मानित करते हुए कार्यक्रम आयोजकों ने कहा कि उनका सामाजिक कार्यों के प्रति समर्पण भाव, ज़रूरतमंदों के लिए लगातार किया गया कार्य तथा समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास अत्यंत प्रेरणादायी है। उनका सम्मान दरअसल उन सभी मूल्यों का सम्मान है जिन पर एक समर्पित नागरिक और सच्चा समाजसेवी चलता है।

इस अवसर पर भिलाई एवं आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में महिलाएं, गणमान्य नागरिक, और सांस्कृतिक कलाकार उपस्थित रहे। तीज महोत्सव की थीम पर आधारित पारंपरिक परिधान में सजी महिलाओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। साथ ही ब्यूटी कार्निवाल के अंतर्गत मेकओवर, फैशन शो और सेल्फ ग्रूमिंग सेशन भी आयोजित किए गए, जो महिलाओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहे।

कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी बनाना, भारतीय त्योहारों की परंपरा को बढ़ावा देना और समाज में सेवा कार्यों के लिए प्रेरणा प्रदान करना था।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर जे. के. फाउंडेशन की प्रमुख सदस्यों जया रेड्डी, शिवराज शुक्ला एवं कल्पना स्वामी ने संयुक्त रूप से अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं और लोगों को एकजुट कर सांस्कृतिक मूल्यों को जीवंत बनाए रखते हैं। उन्होंने कहा कि नारी सशक्तिकरण, परंपरा और सामाजिक सरोकारों को एक मंच पर लाना जे. के . फाउंडेशन का उद्देश्य है। भविष्य में भी ऐसे रचनात्मक एवं प्रेरणादायी आयोजनों को निरंतर जारी रखने की प्रतिबद्धता जताते हुए उन्होंने सभी सहयोगियों, प्रतिभागियों और मेहमानों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *