धान खरीदी सुचारू रूप से जारी, किसानों में खुशी की लहर 5 दिन में 1 हजार किवंटल के पार
बकावंड। जनपद पंचायत बकावंड के अंतर्गत करपावंड में 15 नवंबर से शासन के निर्देशानुसार धान खरीदी का कार्य सुचारू रूप से जारी है। करपावंड धान खरीदी केंद्र में किसान अपने मेहनत से उपजाए धान को लेकर पहुंच रहे हैं और बिना किसी बाधा के बिक्री कर रहे हैं। किसानों को बारदाना या टोकन संबंधी किसी भी प्रकार की समस्या का सामना नहीं करना पड़ रहा है, जिससे उनमें विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
पिछले 4-5 दिनों में केंद्र में लगभग 1 हजार क्विंटल धान की खरीदी की जा चुकी है। प्रतिदिन चार से पांच किसान टोकन कटवा रहे हैं। लैंपस प्रबंधक महेश देवांगन ने बताया कि इस वर्ष धान खरीदी का आंकड़ा 1 लाख क्विंटल से पार जाने की संभावना है। उन्होंने कहा कि अभी खरीदी की शुरुआत ही हुई है, फिर भी किसान स्वयं उत्साहपूर्वक धान लेकर पहुंच रहे हैं।खरीदी केंद्र प्रभारी मायाराम देवांगन ने भी पुष्टि करते हुए कहा कि किसानों को सभी सुविधाएं पहले से उपलब्ध कराई जा रही हैं और खरीदी प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की कमी या परेशानी नहीं है।धान खरीदी की सुचारू व्यवस्था और सुविधाओं से किसानों में संतोष और खुशी का माहौल है।
