डौंडी ब्लॉक के धान खरीदी केंद्रों में भारी अनियमितता

दल्ली राजहरा। डौंडी लोहारा विधानसभा क्षेत्र की लोकप्रिय विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री अनिला भेड़िया ने आज डौंडी ब्लॉक के विभिन्न धान उपार्जन केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गुजरा, बेलोदा, घोटिया, मंगलतराई और आमाडुला केंद्रों का दौरा किया, जहां धान खरीदी में भारी अनियमितता और अव्यवस्था पाई गई।
निरीक्षण के दौरान विधायक भेड़िया ने पाया कि समिति प्रबंधकों द्वारा किसानों से प्रत्येक बोरे में 1 किलो अतिरिक्त धान तौला जा रहा है। जब इस संबंध में अधिकारियों से सवाल किया गया, तो वे इसका ठीकरा ठेकेदारों पर फोड़ते नज़र आए। वहीं, तौलकों (हमाल) ने बताया कि उन्हें जैसा ऊपर से आदेश मिला है, वे वैसा ही तौल रहे हैं। इस स्पष्ट लूट और अनियमितता पर अनिला भेड़िया ने भारी नाराजगी जाहिर की और प्रबंधकों को जमकर फटकार भी लगाई।

खामियों से किसान हलाकान
विधायक भेड़िया ने बताया कि धान खरीदी केंद्रों में न केवल तौल में गड़बड़ी की जा रही है, बल्कि किसानों को ऑनलाइन और ऑफलाइन टोकन प्राप्त करने में भी भारी मानसिक और शारीरिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
निरीक्षण के दौरान अनिल भेड़िया के संज्ञान में आया कि डूबान क्षेत्र के किसान अपना धान नहीं बेच पा रहे हैं और प्रबंधकों द्वारा उनके लिए कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई है। जिन किसानों की खेती तीन अलग-अलग जगहों पर है, वे तकनीकी खामियों के कारण केवल दो ही जगह धान बेच पा रहे हैं। तीसरी जगह का रकबा या तो शून्य दिख रहा है या पोर्टल स्वीकार नहीं कर रहा है।

त्वरित कार्रवाई करे शासन: अनिला भेड़िया
अनिला भेड़िया ने इस गंभीर स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए शासन और जिला प्रशासन से मांग की है कि धान खरीदी केंद्रों में चल रही इस मनमानी पर तत्काल रोक लगाई जाए। उन्होंने कहा- अन्नदाता किसानों का शोषण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन शीघ्र ही इन अनियमितताओं को दूर कर किसानों को राहत पहुंचाए और सुचारू रूप से धान खरीदी सुनिश्चित करे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *