महंगाई और घरेलू गैस संकट को लेकर महिला कांग्रेस का धरना-प्रदर्शन

बीजापुर :- रविवार को जिला मुख्यालय बीजापुर में महिला कांग्रेस के नेतृत्व में बड़ी संख्या में बहनों-माताओं ने घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर की कमी और बेकाबू महंगाई के खिलाफ धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में बीजापुर के विधायक विक्रम मंडावी सहित तमाम कांग्रेसी और महिला कांग्रेस के कार्यकर्ता शामिल होकर घरेलू गैस सिलेंडर की कमी और बढ़ती महंगाई के विरोध में भाजपा और मोदी सरकार की नीतियों को लेकर विरोध जताते हुए नारेबाज़ी की गई।


महिला कांग्रेस ने कहा कि मोदी सरकार के 12 साल के शासन में उज्ज्वला योजना का ढोंग पूरी तरह बेनकाब हो चुका है। गरीब महिलाओं को मुफ्त सिलेंडर देने के बड़े-बड़े वादे करके वोट लिए गए, लेकिन आज बाजार में सिलेंडर की कालाबाजरी हो रही है और ब्लैक में 2500-3000 रुपये तक बिक रहे हैं। घरेलू गैस की आपूर्ति ठप है, डीलरों के पास सिलेंडर नहीं हैं, और आम आदमी की रसोई में चूल्हा जल नहीं पा रहा। बच्चे भूखे सो रहे हैं, महिलाएं लकड़ी के धुएं में खाना बनाने को मजबूर हैं, यह है भाजपा और मोदी सरकार की हकीकत! महिला कांग्रेस ने प्रदर्शन करते हुए आगे कहा कि यह संकट केवल बीजापुर तक सीमित नहीं है पूरे राज्य में महिलाएं सड़कों पर उतर आई हैं। भाजपा और मोदी सरकार की नाकामी, कच्चे तेल पर निर्भरता और भ्रष्टाचार के कारण देश में बेरोजगारी और महंगाई लगातार बढ़ती जा रही है इसके साथ ही साथ घरेलू गैस संकट से रसोई का बजट पूरी तरह गड़बड़ा गई है। फिर भी देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी सरकार चुप हैं मोदी सरकार का कोई जवाब नहीं, कोई राहत नहीं!


इसके साथ ही महिला कांग्रेस ने, तत्काल घरेलू गैस सिलेंडर की आपूर्ति बहाल करने, सिलेंडर की कीमत 500 रुपये से कम करने, ब्लैक मार्केटिंग पर सख्त कार्रवाई करने, महंगाई पर अंकुश लगाते हुए बेरोजगारों को रोजगार देने जैसे मांगे की है। मांगे नहीं माने जाने पर आने वाले दिनों में उग्र आंदोलन करने की बात भी महिला कांग्रेस ने की है।
धरना प्रदर्शन में उपस्थित महिलाओं को संबोधित करते हुए बीजापुर के विधायक विक्रम मंडावी ने कहा, “बीजापुर जैसे दूरदराज क्षेत्र में पहले से ही सुविधाओं की कमी है। अब भाजपा की मोदी सरकार गैस छीन रही है। अब हमारी बहनें चूल्हे पर चाय बनाकर विरोध जता रही हैं – यह शर्म की बात है कि ‘सबका साथ, सबका विकास’ का नारा देने वाली सरकार गरीबों को भूखा मारने का षड्यंत्र कर रही है!”
महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने धरना स्थल पर खाली सिलेंडर लेकर, लकड़ी के चूल्हे पर चाय बनाकर सड़कों पर उतरे और भाजपा हटाओ देश बचाओ, मंहगाई हटाओ गैस सिलेंडर दो जैसे नारे जमकर लगाते हुए भाजपा और मोदी सरकार का पुतला फूँककर कलेक्टर बीजापुर के नाम तहसीलदार को बीजापुर के गैस एजेंसियों में गैस सिलेंडर की सप्लाई तत्काल बहाल करने की मांग का ज्ञापन सौंपा है।
इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष लालू राठौर, जिला पंचायत सदस्य नीना रावतिया उद्दे, जिला महिला कांग्रेस की अध्यक्ष गीता कमल, शहर कांग्रेस अध्यक्ष संजना चौहान, पूर्व जिला पंचायत सदस्य पार्वती कश्यप, नगर पालिका अध्यक्ष रिंकी कोरम, जनपद अध्यक्ष सोनू पोटाम, शेख रजिया, रत्ना सोढ़ी, अनीता टेलम, सरोजिनी कट्टम, सरस्वती सांद्रा, नीला लंबाड़ी, पार्वती गौतम, नीलो ओयाम, सरस्वती मंडल, शशि सुरटी, ममता पाण्डे, वीरेंद्र सिंह ठाकुर, पुरुषोत्तम सल्लूर, अरुण वासम, बबीता झाड़ी, ललिता झाड़ी, संगीता नाग, सोनमती ताती, कविता यादव, अंकिता पारेट, बलराम कोरसा, बाबू लाल राठी, जग्गी सेन, रानू डोंगरे, पार्वती लंबाड़ी, सुनीता हेमला, सपना कटरेला, नवनीत नायडू, मग्गू खत्री और संजय झाड़ी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस और महिला कांग्रेस की कार्यकर्ता शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *