संगमपल्ली में शराब दुकान के खिलाफ ग्रामीणों ने विधायक विक्रम मंडावी के साथ की महत्वपूर्ण बैठक
बीजापुर :- बीते गुरुवार को बीजापुर जिले के विधायक विक्रम मंडावी ने ग्राम पंचायत संगमपल्ली में सरकारी अंग्रेजी शराब दुकान खोले जाने के विरोध में ग्रामीणों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की है। बैठक में ग्रामीणों ने एक स्वर में कहा कि छोटे-छोटे गांवों में अंग्रेजी शराब दुकान खोलने से क्षेत्र के आदिवासी युवा नशे की गिरफ्त में फंस जाएंगे। इससे पहले से ही गरीब आदिवासी परिवार और अधिक आर्थिक व सामाजिक रूप से पिछड़ जाएंगे। ग्रामीणों ने मांग की कि ग्राम संगमपल्ली में अंग्रेजी शराब दुकान खोलने का निर्णय सरकार तत्काल प्रभाव से वापस ले, अन्यथा क्षेत्र के ग्रामीण बड़े पैमाने पर इसका विरोध करने को मजबूर होंगे।
वहीं विधायक विक्रम मंडावी ने ग्रामीणों से चर्चा करते हुए कहा कि भाजपा सरकार बिना किसी वैध प्रक्रिया के गुपचुप तरीके से आदिवासी क्षेत्रों में अंग्रेजी शराब दुकानें खोल रही है। न तो ग्राम सभा का आयोजन किया गया और न ही किसी प्रकार की दावा-आपत्ति मंगवाई गई। यह पूरी प्रक्रिया ही दबावपूर्ण और एकतरफा है।
उन्होंने ग्रामीणों से चर्चा करते हुए यह भी कहा कि बीजापुर जिला संविधान की पांचवीं अनुसूची क्षेत्र में आता है, जहां पंचायतों (विस्तार क्षेत्र) अधिनियम 1996 (पESA) लागू है। इसके बावजूद प्रदेश की भाजपा सरकार जानबूझकर आदिवासी बहुल क्षेत्रों में अंग्रेजी शराब दुकानें खोलने का काम कर रही है, जो पूरी तरह गलत है। सरकार को इस पर तत्काल रोक लगानी चाहिए।
विधायक विक्रम मंडावी ने आगे कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार को गांवों में स्कूल, कॉलेज, अस्पताल खोलने, बिजली, साफ पानी और सड़कों जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करानी चाहिए थीं, लेकिन विष्णुदेव साय की यह सरकार जब से बनी है, तब से लगातार अंग्रेजी शराब दुकानें खोलने में लगी हुई है।
आज बस्तर संभाग का युवा रोजगार के लिए दर-दर भटक रहा है। बीजापुर समेत पूरे बस्तर के युवा रोजगार की तलाश में तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और महाराष्ट्र पलायन कर रहे हैं। वहीं दूसरी ओर विष्णुदेव साय सरकार आदिवासी बेरोजगार युवाओं को रोजगार देने के बजाय अंग्रेजी शराब दुकाने खोलने के काम पर लगी है। विष्णुदेव साय और भाजपा की डबल इंजन की सरकार बेरोजगारों को रोजगार देने में पूरी तरह नाकाम साबित हुई है।
विधायक विक्रम मंडावी ने यह भी कहा कि यदि भाजपा सरकार ग्राम पंचायत संगमपल्ली में अंग्रेजी शराब दुकान खोलने का निर्णय वापस नहीं लेती है, तो ग्रामीणों के साथ मिलकर उग्र आंदोलन विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष शंकर कुड़ियम, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष लालू राठौर, पूर्व जिला पंचायत सदस्य, ग्राम पंचायत संगमपल्ली के सरपंच, पंच, ग्राम पंचायत संगमपल्ली के पूर्व सरपंच, सहित बड़ी संख्या में आसपास के गाँवों के ग्रामीण और जनप्रतिनिधि मौजूद थे।
