बेमौसम तूफान का कहर: आंधी-ओलावृष्टि में दंपत्ति घायल, एक-दूसरे को थामकर बचाई जान
बकावंड। बस्तर जिले के बकावंड ब्लॉक के चोलनार गांव में गुरुवार शाम को अचानक आई तेज आंधी और ओलावृष्टि ने कहर बरपा दिया। इस दौरान स्कूटी से जा रहे दंपत्ति इस आपदा की चपेट में आ गए।तेज हवाओं ने उन्हें सड़क पर गिरा दिया। रामेश्वर बघेल (50) और उनकी पत्नी सुकरी बघेल ने एक-दूसरे को थाम कर किसी तरह अपनी जान बचाई, लेकिन दोनों घायल हो गए।

रामेश्वर बघेल के पूरे शरीर पर ओलों के कारण चोटें आई हैं, वहीं उनकी पत्नी सुकरी बघेल के सिर में चोट लगी है। घटना के बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल दो दिन भर्ती रखने के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और कुछ दिनों तक आराम करने की सलाह डॉक्टरों ने दी है। बघेल दंपत्ति ने बताया कि अचानक बिगड़े मौसम ने उन्हें सम्हलने का मौका नहीं दिया, मगर उन्होंने एक दूसरे को थाम कर जान बचाई, हालांकि ओलों की मार से वे बेदम हो गए थे। फिलहाल ईलाज के बाद दोनों की हालत स्थिर बताई जा रही है और उनके जल्द ही पूरी तरह ठीक होने की उम्मीद है। इस घटना से ग्रामीणों में दहशत फैल गई है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे मौसम की चेतावनियों को गंभीरता से लें और ऐसे हालात में सुरक्षित स्थानों पर चले जाएं, पेड़ों के आसपास खड़े न हों, क्योंकि ज्यादातर आकाशीय बिजली पेड़ों पर ही गिरती है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से मौसम का मिजाज बदल रहा है, जिससे लोगों में चिंता बढ़ गई है। गौरतलब है कि बस्तर जिले में पिछले कुछ दिनों से बारिश और आंधी-तूफान की घटनाएं बढ़ गई हैं। मौसम विभाग ने भी अगले कुछ दिनों तक खराब मौसम की चेतावनी जारी की है। ऐसे में लोगों से अपील की गई है कि वे सावधानी बरतें और सुरक्षित रहें।
