बस्तर में उभरा युवा नेतृत्व: धनुर्जय कश्यप को भाजपा ने सौंपी बड़ी जिम्मेदारी



बकावंड। बस्तर विधानसभा क्षेत्र के बकावंड ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत कोसमी के निवासी धनुर्जय कश्यप को भारतीय जनता पार्टी ने महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपते हुए उन्हें जिला मीडिया प्रभारी, सहकारिता प्रकोष्ठ, भाजपा जिला बस्तर नियुक्त किया है। इस नियुक्ति के बाद क्षेत्र के कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
धनुर्जय कश्यप को क्षेत्र में एक सक्रिय, मेहनती और जमीनी स्तर पर काम करने वाले आदिवासी वरिष्ठ नेता के रूप में देखा जाता है। उनकी कार्यशैली और संगठन के प्रति समर्पण को देखते हुए पार्टी ने एक बार फिर उन पर भरोसा जताया है। कश्यप की इस नियुक्ति को बस्तर में भाजपा के लिए एक बड़ा कदम माना जा रहा है, जो पार्टी के लिए नई ऊर्जा और दिशा का प्रतीक है। छात्र जीवन से ही संगठन से जुड़ाव रखने वाले धनुर्जय कश्यप का जन्म 2 जून 1978 को ग्राम कोसमी में हुआ था। उन्होंने बीएससी (जंतु विज्ञान) और एमएससी (पूर्व) वनस्पति विज्ञान तक शिक्षा प्राप्त की है। छात्र जीवन से ही वे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़े रहे और यहीं से उनके सामाजिक और राजनीतिक जीवन की शुरुआत हुई। श्री कश्यप के परिवार का भी क्षेत्र में मजबूत जनाधार रहा है। उनके पिता स्व. जयदेव कश्यप 17 वर्षों तक अपराजित सरपंच रहे। वहीं उनकी माता स्व. मदना कश्यप 5 वर्षों तक सरपंच रहीं। यह पारिवारिक पृष्ठभूमि कश्यप के लिए एक मजबूत आधार साबित हुई है, जिसने उन्हें क्षेत्र में एक प्रभावशाली नेता के रूप में स्थापित किया है। वर्ष 2003 में बूथ लेवल प्रचारक के रूप में अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत करने वाले श्री कश्यप ने जनपद उपाध्यक्ष, भाजपा मंडल महामंत्री, भाजयुमो मंडल अध्यक्ष, लेम्पस सरगीपाल अध्यक्ष सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है। वर्ष 2020 से 2025 तक वे भाजपा मंडल अध्यक्ष बकावंड और जनपद सदस्य भी रहे। वर्ष 2024-25 में उन्होंने कांग्रेस के जनपद अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाकर उन्हें पद से हटाया और 7 महीनों तक निर्विरोध जनपद अध्यक्ष का दायित्व भी संभाला। यह उनकी नेतृत्व क्षमता और संगठनात्मक कौशल का एक उत्कृष्ट उदाहरण है। नई जिम्मेदारी मिलने पर धनुर्जय कश्यप ने बस्तर जिला भाजपा संगठन और प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन्हें जो दायित्व सौंपा है, उसे पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निभाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि वे कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर संगठन को और मजबूत करने की दिशा में निरंतर कार्य करेंगे।धनुर्जय कश्यप के मीडिया प्रभारी बनने से बकावंड सहित पूरे बस्तर क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा देखने को मिल रही है। युवा नेतृत्व के रूप में उनकी सक्रियता और प्रभाव आने वाले समय में संगठन को और मजबूती देने वाला माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *