बस्तर के दंतेवाड़ा में मानसून के पहले बड़ा सियासी तूफान
जगदलपुर। बस्तर संभाग के दंतेवाड़ा जिलेमें बड़ा सियासी तूफान आ गया है।. यहां भारतीय जनता पार्टी को तगड़ा झटका लगा है। भाजपा समर्थक सैकड़ों ग्रामीणों ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली है।
दंतेवाड़ा जिले के कुआकोंडा विकासखंड अंतर्गत पंचायत फूलपाड़ में बुधवार को राजनीतिक गतिविधियां तब तेज हो गई, जब 450 से अधिक ग्रामीणों ने भारतीय जनता पार्टी छोड़कर कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली।यह कार्यक्रम फूलपाड़ में आयोजित किया गया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संयुक्त महामंत्री छविंद्र कर्मा, पीसीसी सदस्य एवं पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष अवधेश गौतम तथा आदिवासी कांग्रेस जिला अध्यक्ष शंकर कुंजाम, आदिवासी कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष देवसिंह ताती की उपस्थिति में ग्रामीणों ने कांग्रेस का दामन थामा। कांग्रेस नेताओं ने नवप्रवेशी कार्यकर्ताओं का स्वागत कांग्रेसी गमछा पहनाकर करते हुए उन्हें पार्टी की रीति-नीति और जनहितकारी योजनाओं से अवगत कराया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार की कथनी और करनी में अंतर है तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा क्षेत्र की समस्याओं की लगातार उपेक्षा की जा रही है। इसी से नाराज होकर उन्होंने भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल होने का निर्णय लिया। कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि क्षेत्र में कांग्रेस के प्रति लोगों का विश्वास लगातार बढ़ रहा है और बड़ी संख्या में ग्रामीणों का पार्टी में शामिल होना इसका प्रमाण है। वहीं, कांग्रेस ने इसे संगठन की मजबूती और आगामी राजनीतिक गतिविधियों के लिए महत्वपूर्ण बताया। इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी महामंत्री मनीष भट्टाचार्य, पीसीसी मेंबर पंजामी मांडवी, ब्लॉक अध्यक्ष कुआकोंडा रामकुमार नाग, ब्लॉक अध्यक्ष बचेली, पालनार सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसी मौजूद थे।
