पीडिया के एंड्री व हल्ला के जंगलों में मिले नक्सलियों के छिपाए 8 डंप



जगदलपुर बस्तर संभाग के बीजापुर जिले में 12 जून को सीआरपीएफ की 199वीं वाहिनी की संयुक्त टीम बी, एफ कंपनी एवं यंग प्लाटुन ने नक्सल विरोधी अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। प्राप्त सूचना के आधार पर कमांडेंट 199वीं वाहिनी आनंद कुमार के मार्गदर्शन व कुमार नीरज, द्वितीय कमान अधिकारी की देखरेख में बी-199 कंपनी एवं यंग प्लाटुन राजीव कुमार, कंपनी कमांडर एवं एफ- 199 कंपनी निरीरक्षक केबी पांडा के नेतृत्व में में पीडिया तथा कुप्पागुडा क्षेत्र के एड्री, हर्रा एवं मदुमपारा गांवों के घने जंगल क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए 8 डंप बरामद किए गए।
अभियान के दौरान जवानों ने सतर्कता बरतते हुए इलाके की घेराबंदी की और चरणबद्ध तरीके से सर्च ऑपरेशन को अंजाम दिया। तलाशी के दौरान नक्सलियों द्वारा सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से छिपाकर रखी गई सामग्री बरामद की गई। बरामद डंप में सीजीएल रायफल, 8 एमएम रायफल, 12 बोर रायफल, 21 आईईडी तथा आईईडी बनाने की कॉर्डेक्स वायर, सेफ्टी फ्यूज, इलेक्ट्रिक वायर आदि सामग्री, एयर गन रांउड, विभिन्न प्रकार की इलेक्ट्रिक सामग्री, नक्सलियों के कपड़े आदि शामिल हैं। कुल मिलाकर 58 तरह की वस्तुएं बरामद की गईं हैं।
उल्लेखनीय है कि एड्री, हर्रा, मदुमपारा पीडिया एवं आसपास के क्षेत्र पूर्व में नक्सली गतिविधियों के लिए बहुत संवेदनशील रहे हैं। सीआरपीएफ की 199 वाहिनी द्वारा लगातार चलाए जा रहे विभिन्न अभियानों के परिणाम स्वरूप क्षेत्र में नक्सल प्रभाव समाप्त हो चुका है और स्थानीय ग्रामीणों में सुरक्षा की भावना सुदृढ़ हुई है। इस सफल कार्रवाई के दौरान किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।
सीआरपीएफ की 199वीं वाहिनी आम नागरिकों की सुरक्षा, क्षेत्र में शांति एवं विकास सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। वाहिनी द्वारा भविष्य में भी सूचना आधारित अभियानों को और अधिक प्रभावी ढंग से संचालित किया जाएगा, बल भविष्य में भी क्षेत्र को पूर्णतः नक्सलमुक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *