पहले पंचायत, अब स्कूल की छत का प्लास्टर गिरा, बाल बाल बचे, बच्चे और शिक्षक



-अर्जुन झा-
बकावंड। विकासखंड बकावंड में शासकीय भवनों की छतों का प्लास्टर गिरने की घटनाओं ने ग्रामीणों में डर का माहौल बना दिया है। पहले एक पंचायत भवन की छत का प्लास्टर गिरा था, जिसमें दो युवतियां घायल हो गई थीं। आज एक स्कूल भवन की छत के प्लास्टर का बड़ा हिस्सा भरभरा कर गिर गया। हादसे के वक्त रूम में क्लास चल रही थी। वहां मौजूद विद्यार्थियों और शिक्षकों ने भाग कर जान बचाई।
बकावंड ब्लॉक में जर्जर सरकारी भवनों की छतों का प्लास्टर गिरने की घटनाएं लगातार हो रही हैं।भ्रष्टाचार की बुनियाद पर खड़े किए गए ये भवन जानलेवा साबित हो रहे हैं। आज बकावंड विकासखंड की ग्राम पंचायत छोटे देवड़ा में भी बड़ा हादसा हो गया। छोटे देवड़ा के आवास पारा प्राथमिक शाला भवन की छत के प्लास्टर का विशाल हिस्सा अचानक भरभरा कर गिर पड़ा। उस समय बच्चों की क्लास चल रही थी और शिक्षक उन्हें पढ़ा रहे थे। प्लास्टर उखड़ने की आवाज सुनते ही पूरे स्कूल में अफरा तफरी मच गई। क्लास रूम में मौजूद विद्यार्थी और शिक्षक जान बचाकर बाहर की ओर भागे। पास ही मौजूद छोटे देवड़ा के सरपंच संतोष कुमार कश्यप सूचना मिलते ही स्कूल में पहुंच गए। उन्होंने बच्चों और शिक्षकों की खैर खबर ली और उन्हें सुरक्षित पाकर राहत की सांस ली। सरपंच संतोष कुमार कश्यप ने सरकार से प्राथमिक शाला आवास पारा छोटे देवड़ा के लिए नए भवन निर्माण की स्वीकृति जल्द देने की मांग की है। उनका कहना है कि नए भवन की स्वीकृति मिलने से गांव के बच्चे सुरक्षित माहौल में बेहतर ढंग से पढ़ाई कर सकेंगे।


गिरी थी पंचायत भवन की छत
बता दें कि शनिवार को विकासखंड बकावंड की ग्राम पंचायत मालगांव के पंचायत भवन में भी ऐसा ही हादसा हुआ था। पंचायत भवन में गांव की महिलाओं और युवतियों को सिलाई कढ़ाई का प्रशिक्षण देने की व्यवस्था की गई है। शनिवार को प्रशिक्षण के दौरान ही छत का प्लास्टर गिरने से दो युवतियां घायल हो गईं थीं। हादसे के समय भवन में करीब दर्जनभर महिलाएं और युवतियां सिलाई का प्रशिक्षण ले रहीं थीं। जर्जर पंचायत भवन की छत के बड़े हिस्से का प्लास्टर भरभराकर नीचे गिर पड़ा। मलबे की चपेट में आने से दो युवतियों को मामूली चोटें आईं। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। घटना से प्रशिक्षण केंद्र में अफरा-तफरी मच गई थी। मौके पर मौजूद महिलाओं ने भवन की जर्जर स्थिति को देखते हुए तत्काल मरम्मत की मांग की है। क्षेत्र क्रमांक 25 की जनपद सदस्य नमिता भोलानाथ नाग ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने जिला प्रशासन से पंचायत भवन की तत्काल मरम्मत कराने तथा भवन सुरक्षित होने तक सिलाई प्रशिक्षण केंद्र को किसी अन्य सुरक्षित स्थान पर संचालित करने की मांग की है।

नया भवन निर्माण जरूरी
शाला भवन में हादसा होने की खबर मिलते ही मैं मौके पर पहुंच गया था। शायद बरसात से छत का हिस्सा गिरने की घटना हुई है। शासन से छोटे देवड़ा के आवास पारा की प्राथमिक शाला के लिए नया भवन बनवाने की मांग की जाएगी
-संतोष कुमार कश्यप, सरपंच, छोटे देवड़ा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *