स्कूल की छत का प्लास्टर गिरने की घटना को बीईओ यादव ने लिया गंभीरता से



बकावंड। विकासखंड बकावंड की ग्राम पंचायत छोटे देवड़ा की शासकीय प्राथमिक शाला आवास पारा की छत का प्लास्टर गिरने की घटना को विकासखंड शिक्षा अधिकारी चंद्रशेखर यादव ने गंभीरता से लिया है। विद्यार्थियों और शिक्षक शिक्षिकाओं की सुरक्षा के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए बीईओ श्री यादव ने खस्ताहाल शाला भवनों में कक्षाएं लगाने पर रोक लगा दी है।
उल्लेखनीय है कि आज सोमवार की सुबह छोटे देवड़ा के आवास पारा स्थित प्राथमिक शाला के भवन की छत के अंदरूनी प्लास्टर का बड़ा हिस्सा टूट कर कमरे के अंदर गिर गया रहा था। इस हादसे के दौरान उसी कमरे में क्लास चल रही थी। विद्यार्थियों और शिक्षक ने भागकर अपनी जान बचाई। यह घटना संज्ञान में आते ही बकावंड के विकासखंड शिक्षा अधिकारी चंद्रशेखर यादव ने फौरी कदम उठाते हुए विकासखंड के सभी प्राथमिक, माध्यमिक, हाई स्कूल एवं हायर सेकंडरी विद्यालयों के प्रधान पाठकों प्राचार्यों एवं शिक्षकों को सर्कुलर जारी कर निर्देशित किया है कि जर्जर एवं असुरक्षित भवनों में किसी भी स्थिति में विद्यार्थियों की कक्षाएं संचालित न की जाएं। विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कक्षाओं का संचालन केवल सुरक्षित भवनों अथवा वैकल्पिक सुरक्षित स्थान पर ही सुनिश्चित करें।
बीईओ श्री यादव ने साफ शब्दों में कहा है कि निर्देशों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित प्रधान पाठक एवं शिक्षक के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री यादव ने बताया कि बारिश के कारण कुछ भवनों क्षतिग्रस्त होने की खबर सामने आई है। उन्होंने सभी शिक्षकों को निर्देशित किया है कि सुरक्षित जगह में ही शाला लगाई जाए और व्यवस्था होने तक वैकल्पिक जगह ढूंढ लें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *