भाजपा कोंटा मंडल की बैठक में संगठन की मजबूती और आगामी कार्यक्रमों पर बनी रणनीति
सुकमा। भारतीय जनता पार्टी कोंटा मंडल की विशेष बैठक सोमवार को भाजपा कार्यालय कोंटा में प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन एवं भाजपा प्रदेश प्रवक्ता तथा सुकमा जिला संगठन प्रभारी टिकेश्वर जैन की उपस्थिति में हुई। बैठक का मार्गदर्शन जिला भाजपा अध्यक्ष धनीराम बारसे ने किया, जबकि अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष सुभाष चतुर्वेदी ने की।
बैठक में प्रदेश, जिला, मंडल, मोर्चा एवं प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। बैठक में संगठन की मजबूती, बूथ सशक्तिकरण, सदस्यता विस्तार, जनसंपर्क अभियान तथा आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी राष्ट्र निर्माण के उद्देश्य से कार्य करने वाला संगठन है और इसकी सबसे बड़ी ताकत बूथ स्तर का कार्यकर्ता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सेवा, समर्पण और संगठन की भावना के साथ जनता के बीच सक्रिय रहने तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया। वहीं प्रदेश प्रवक्ता टिकेश्वर जैन ने कहा कि संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं की एकजुटता, अनुशासन और सतत सक्रियता पर निर्भर करती है। उन्होंने बूथ स्तर पर नियमित जनसंपर्क, सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग और आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभाने की बात कही। जिला भाजपा अध्यक्ष धनीराम बारसे ने मंडल स्तर पर संगठनात्मक गतिविधियों को और गति देने, बूथ समितियों को सक्रिय बनाने तथा सदस्यता अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर जोर दिया। बैठक में कार्यकर्ताओं ने भी संगठन हित में अपने सुझाव रखे और पूरी निष्ठा के साथ कार्य करने का संकल्प लिया। अंत में मंडल अध्यक्ष सुभाष चतुर्वेदी ने सभी अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कोंटा मंडल का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन द्वारा सौंपे गए दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करेगा और आगामी कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेकर बूथ स्तर तक संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का कार्य करेगा।
