होमगार्ड और फॉरेस्ट गार्ड की नौकरी दिलाने के नाम पर 5 लोगों से ठगे 9 लाख रुपए
जगदलपुर। पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के नेतृत्व मेें बस्तर पुलिस द्वारा अपराधी तत्वों के विरूद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी तारतम्य में नौकरी लगाने के नाम से प्रार्थी एवं अन्य साथी से फोन पे के माध्यम से कुल 8 लाख 95 हजार रुपए पैसे लेकर नौकरी नहीं लगाने और धोखाधड़ी करने वाले व्यक्ति पर कार्रवाई करने में बस्तर पुलिस को सफलता मिली है।
ज्ञात हो कि थाना कोतवाली में मावलीगुड़ा निवासी नीरबती कश्यप पिता सुकराम ने बोधघाट थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि आड़ावल निवासी आरोपी कृष्ण कुमार वैष्णव द्वारा फॉरेस्ट एवं होमगार्ड विभाग में नौकरी लगाने के नाम से प्रार्थी से डेढ़ लाख रुपए, परमेश्वर नेताम से 2 लाख 5 हजार रुपए, सरिता बघेल से 3 लाख 92 हजार रुपए, सोनधर कश्यप से 70 हजार रुपए सहित कुल 8 लाख 95 हजार रुपए लेकर इनके साथ धोखाधडी की है। पुलिस ने धारा 318.4 बीएनएस के तहत अपराध कायम कर विवेचना में लिया था।पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के दिशानिर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक सुमीत कुमार धोत्रे के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी कोतवाली लीलाधर राठौर के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
टीम आरोपी के पते पर रवाना हुई। वहां से आरोपी को हिरासत लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध करना स्वीकार करते हुए अपने मोबाइल के फोन पे एवं नगदी में पैसे लेने की बात कबूल की। आरोपी को 14 अगस्त को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। प्रकरण को सुलझाने में निरीक्षक लीलाधर राठौर,
उप निरीक्षक छबिलाल तांडेकर, प्रधान आरक्षक विनोद चांदने, राजपूत, आरक्षक रंगलाल खरे, त्रिनाथ कश्यप, तामेश्वर चंद्राकर का विशेष योगदान रहा।
