बीजापुर में शान से लहराया तिरंगा, ऐतिहासिक अवसर बना 80वां स्वतंत्रता दिवस
बीजापुर – नक्सल मुक्त बीजापुर के पहले स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले में 80वां स्वतंत्रता दिवस गरिमामय एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। जिला स्तरीय मुख्य समारोह मिनी स्टेडियम में आयोजित किया गया, जहां बस्तर सांसद महेश कश्यप ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान के सामूहिक गायन के बाद आसमान में रंग-बिरंगे गुब्बारे छोड़े गए।

समारोह में सांसद महेश कश्यप ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का प्रदेश की जनता के नाम स्वतंत्रता दिवस संदेश का वाचन किया। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्र निर्माण, शांति और जिले के विकास में सभी की भागीदारी का आह्वान किया।इस अवसर पर नक्सल उन्मूलन अभियान में शहीद हुए वीर जवानों के परिजनों को शॉल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया। साथ ही विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
समारोह में आयोजित परेड एवं मार्च पास्ट में सीनियर वर्ग में बस्तर फाइटर महिला ने प्रथम, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल बीजापुर ने द्वितीय तथा डीआरजी जिला पुलिस ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। जूनियर असैन्य वर्ग में एनसीसी ने प्रथम, एनएसएस ने द्वितीय तथा गाइड ने तृतीय स्थान हासिल किया।
स्कूली विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं। सांस्कृतिक कार्यक्रम में कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय बीजापुर ने प्रथम, एकलव्य आदर्श विद्यालय बीजापुर ने द्वितीय तथा कन्या रेसिडेंशियल पोटा केबिन बीजापुर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता प्रतिभागियों को सांसद महेश कश्यप, कलेक्टर विश्वदीप एवं पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता ने पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान किया।इससे पहले कलेक्टोरेट परिसर में कलेक्टर विश्वदीप ने ध्वजारोहण किया। ध्वजारोहण के पश्चात अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया। कलेक्टर ने कलेक्टोरेट परिसर स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की तथा जिलेवासियों एवं अधिकारी-कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
