विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर निकली मौन मशाल रैली, शहीदों और विस्थापितों को दी श्रद्धांजलि

जगदलपुर। 14 अगस्त को ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ के अवसर पर सिरहासार से नगरवासियों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं ने मौन मशाल रैली निकाली। रैली सिरहासार से शुरू होकर कोतवाली चौक तक पहुंची। इस दौरान हाथों में जलती मशालें लिए बड़ी संख्या में लोग रैली में शामिल हुए और भारत विभाजन की त्रासदी में अपने प्राण गंवाने वाले तथा विस्थापन का दंश झेलने वाले लाखों लोगों को मौन श्रद्धांजलि अर्पित की।

रैली के माध्यम से विभाजन के दौरान झेली गई पीड़ा, संघर्ष, त्याग और बलिदान को स्मरण किया गया। प्रतिभागियों ने इस त्रासदी में प्रभावित परिवारों और उनके संघर्षों को याद करते हुए इतिहास के उस दौर से नई पीढ़ी को परिचित कराने का संदेश दिया।

मौन मशाल रैली में शहर के गणमान्य नागरिकों के साथ स्कूल-कॉलेज के छात्र-छात्राएं, शासकीय अधिकारी-कर्मचारी, नगर निगम का अमला, युवा वर्ग तथा विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि भी शामिल हुए। रैली के दौरान वातावरण गंभीर और भावपूर्ण रहा। प्रतिभागियों ने मौन रहकर विभाजन की विभीषिका में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति सम्मान प्रकट किया।
इस अवसर पर महापौर संजय पांडे ने कहा कि “विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस केवल इतिहास को याद करने का दिन नहीं, बल्कि उन लाखों लोगों के संघर्ष, पीड़ा, त्याग और बलिदान को नमन करने का अवसर है, जिन्होंने देश के विभाजन के दौरान अपना सब कुछ खो दिया। असंख्य परिवारों को अपने घर-बार छोड़कर विस्थापन का दर्द झेलना पड़ा और लाखों लोगों ने अपने प्राण गंवाए।

आज सिरहासार से कोतवाली चौक तक निकाली गई मौन मशाल रैली के माध्यम से हम उन सभी पीड़ितों को श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं। मशाल इस बात का प्रतीक है कि इतिहास की उन पीड़ाओं और बलिदानों की स्मृति सदैव जीवित रहे।

हमें अपने अतीत से सीख लेते हुए देश की एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता को मजबूत करने का संकल्प लेना चाहिए। नई पीढ़ी को भी विभाजन की त्रासदी और उससे जुड़े संघर्षों की जानकारी होना आवश्यक है, ताकि भविष्य में ऐसी परिस्थितियां दोबारा उत्पन्न न हों। हमारा देश मजबूत, एकजुट और सद्भावपूर्ण रहे, यही इस अवसर पर हमारा संकल्प है।”
ज्ञात रहे कि यह मौन मशाल रैली नगर पालिक निगम जगदलपुर के आह्वान पर निकाली गई थी ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *