सहकारी आंदोलन को गति प्रदान करने राज्य सहकारी संघ के प्रतिनिधि मंडल का बस्तर प्रवास
जगदलपुर। सहकारिता कोई कार्यक्रम नहीं बल्कि यह एक जन आंदोलन है. यह बात सहकार भारती के प्रदेश संगठन मंत्री सौरभ शर्मा ने जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के सभागृह में आयोजित बैठक में कही. छत्तीसगढ़ राज्य में सहकारिता आंदोलन को गति प्रदान करने के उद्देश्य से संघ के प्राधिकृत अधिकारी सौरभ शर्मा सहकार भारती के प्रदेश संगठन मंत्री एवं संघ की मानसेवी सदस्य कनीराम एवं सहकार भारती के राष्ट्रीय महामंत्री एवं मध्य क्षेत्र प्रमुख दिलीप पाटिल के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल 17 से 20 अगस्त 2026 तक बस्तर प्रवास पर हैं. इसी तारतम्य में दिनांक 17 अगस्त को बस्तर जिले की सहकारी नेतृत्व के साथ एक बैठक जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के सभागृह में दिनेश कश्यप अध्यक्ष, श्रीनिवास मिश्रा उपाध्यक्ष जिला सहकारी केंद्रीय बैंक एवं वेदांत दीक्षित प्राधिकृत अधिकारी बस्तर जिला सहकारी संघ, रंजीत पांडे प्रदेश सहसंयोजक, मनोहर तिवारी संयोजक सहकारिता प्रकोष्ठ, परेश बसेरा प्राधिकृत कोलावल एवं विभिन्न विकास खण्डों से आये लेंपस व सहकारी संस्थाओं के सहकारी नेतृत्व के साथ संपन्न की गई । छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी संघ का प्रतिनिधिमंडल छत्तीसगढ़ राज्य में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सहकार से समृद्धि की परिकल्पना को साकार करने के उद्देश्य से बैठक में सहकारिता को मैं से हम की यात्रा बताते हुए सौरभ शर्मा द्वारा सहकारी आंदोलन की मंशानुरूप सभी सहकारिताओं को मिलकर काम करने का आह्वान किया गया । वहीं कनीराम द्वारा छत्तीसगढ़ विशेष कर बस्तर को नक्सल मुक्त होने के बाद गांव गरीब व किसान को आत्मनिर्भर बनाने हेतु सहकारिता के महत्व पर प्रकाश डाला गया । बैठक में सहकार भारती के राष्ट्रीय महामंत्री दिलीप पाटिल द्वारा सहकारिता को रोजगार के सृजन के साथ-साथ आत्मनिर्भरता हेतु सहकारिता अपनाने की पहल की गई.
बैठक में बस्तर जिले का नेतृत्व करते हुए दिनेश कश्यप अध्यक्ष जिला सहकारी केंद्रीय बैंक ने सहकारिता आंदोलन में संघ व समितियों की भूमिका पर प्रकाश डाला । वहीं सहकारी नेतृत्व को संस्था के प्रत्येक सदस्य तक संवाद करने का आह्वान किया गया । बैंक के उपाध्यक्ष श्रीनिवास मिश्रा द्वारा सहकारवाद को आज की आवश्यकता बताते हुई सहकारिता में दिए गए दायित्वों का निर्वहन, निष्ठा व ईमानदारी से करने हेतु कार्यकर्ताओं को प्रेरित किया गया । वहीं जिला सहकारी संघ के अध्यक्ष वेदांत दीक्षित द्वारा भी संस्थाओं के विकास हेतु विचार रखे गए । प्रतिनिधिमंडल द्वारा प्रवास के दौरान बस्तर संभाग में राज्य सहकारी संघ के संभागीय कार्यालय एवं सहकारी समितियों को भी भेंट देकर दक्षिण बस्तर हेतु प्रस्थान किया गया ।
