शिलालेख पर सियासत तेज, महिला मोर्चा अध्यक्ष खेमेश्वरी कश्यप ने विधायक बघेल पर साधा निशाना
बकावंड। विकासखंड बकावंड की ग्राम पंचायत छोटे देवड़ा में हुए दो भूमिपूजन के शिलापट्टों ने अब राजनीतिक बहस छेड़ दी है। भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष खेमेश्वरी कश्यप ने कांग्रेस क्षेत्र के विधायक लखेश्वर बघेल की कार्यशैली पर सीधा निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का चरित्र हमेशा से भेदभाव वाला और छोटों को नीचा दिखाने वाला रहा है। लखेश्वर बघेल “एको अहं” के सिद्धांत पर चलते हैं, दूसरों को तुच्छ समझते हैं।

छोटे देवड़ा क्षेत्र से जनपद सदस्य एवं भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष खेमेश्वरी कश्यप ने बिंदुवार बातें रखते हुए क्षेत्रीय विधायक लखेश्वर बघेल को आईना दिखाया है। उन्होंने कहा है विधायक निधि के कार्यों के शिलान्यास उद्घाटन वाले के बोर्ड पर सिर्फ अपना नाम दर्ज करवाते हैं विधायक। विधायक निधि से 6.40 लाख लागत वाले सीसी सड़क निर्माण कार्य के भूमिपूजन शिलापट्ट पर केवल विधायक लखेश्वर बघेल, सरपंच संतोष कश्यप और उप सरपंच राहुल सोनवानी के ही नाम अंकित हैं। उसमें क्षेत्र से निर्वाचित जिला पंचायत सदस्य, जनपद सदस्य को जगह तक नहीं दी गई। भाजपा सरकार की सोच सबका साथ, सबका विकास है। वहीं मुख्यमंत्री समग्र ग्रामीण विकास योजना के तहत 5.20 लाख के काम के भूमिपूजन में भाजपा सरकार ने उदारता दिखाई है। उस शिलापट्ट पर मुख्य अतिथि सांसद महेश कश्यप के साथ-साथ क्षेत्रीय विधायक लखेश्वर बघेल का नाम भी सम्मान के साथ दर्शाया गया है।
प्रोटोकॉल का अंतर साफ है कि भाजपा के शिलापट्ट पर जिला पंचायत अध्यक्ष देववती कश्यप, उपाध्यक्ष बलदेव मंडावी, जनपद अध्यक्ष सोनधारी भद्रे, जनपद उपाध्यक्ष तरुण पांडे, जनपद सदस्य खेमेश्वरी कश्यप सहित सभी जनप्रतिनिधियों को सम्मान दिया गया है। यह भाजपा के सबको साथ लेकर चलने की संस्कृति को दिखाता है। खेमेश्वरी कश्यप ने कहा कि जनता अब समझ चुकी है कि कौन विकास में सबको जोड़ता है और कौन केवल अपने नाम की राजनीति करता है। श्रीमती कश्यप ने कहा- दरअसल विधायक लखेश्वर बघेल अहंकार से ग्रस्त हो गए हैं। वे समझते हैं कि एको अहं, द्वितीयो नास्ति, न भूतो, न भविष्यति। इसका अर्थ है एक मैं ही श्रेष्ठ हूं, दूसरे सब मिथ्या हैं, न मेरे जैसा कोई आया है और न कभी आएगा। ऐसा अहंकार रावण को भी था, जिसका हश्र हम सबको पता है। उन्होंने कहा कि बस्तर विधानसभा क्षेत्र की जनता इस बार ऐसे भेदभाव की राजनीति का जवाब चुनाव में देगी। छोटे देवड़ा की जनता ने मन बना लिया है कि हमारे गांव के विकास में जनपद सदस्य, जिला पंचायत सदस्य, सरपंच, पंच सबका पसीना लगता है। लेकिन शिलापट्ट पर सिर्फ एक नाम चमकाना, यह गांव के जनप्रतिनिधियों का अपमान है। छोटे देवड़ा की जनता इस अपमान को भूलेगी नहीं। बस्तर विधानसभा क्षेत्र की जनता अब बदलाव चाहती है। बस्तर की जनता ने देखा है, भाजपा सरकार मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सबको सम्मान दे रही है, विपक्ष के विधायक तक को मंच पर जगह दे रही है। वहीं कांग्रेस विधायक अपने ही क्षेत्र के छोटे जनप्रतिनिधियों को बोर्ड तक में जगह नहीं देते। महिला मोर्चा अध्यक्ष खेमेश्वरी कश्यप ने छोटे देवड़ा और पूरे बस्तर विधानसभा क्षेत्र के मतदाताओं से अपील की है कि इस बार वोट सोच समझकर दें। जो व्यक्ति एक शिलापट्ट पर अपने साथियों को सम्मान नहीं दे सकता, वह विधानसभा में आपके सम्मान के लिए क्या लड़ेगा? जनता अब साफ देख रही है कि एक तरफ भाजपा की ‘सबका साथ, सबका विकास’ की नीति है, दूसरी तरफ कांग्रेस की ‘सिर्फ मेरा नाम’ की राजनीति। इसलिए इस बार बस्तर विधानसभा से लखेश्वर बघेल और कांग्रेस को वोट नहीं, बल्कि भाजपा के विकास को वोट दें।
