छोटे देवड़ा के बीजागुड़ा पारा में कीचड़ से ग्रामीण परेशान



बकावंड। ग्राम पंचायत छोटे देवड़ा के आश्रित ग्राम बीजागुड़ा पारा में कीचड़ की वजह से ग्रामीणों का जीना मुहाल हो गया है। सड़क पर जमा कीचड़ और पानी से सबसे ज्यादा परेशानी आंगनबाड़ी केन्द्र में पढ़ने वाले छोटे बच्चों को हो रही है। बच्चे रोज फिसल कर गिर रहे हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि बीजागुड़ा पारा में सीसी सड़क और नाली नहीं होने से थोड़ी सी बारिश में ही सड़क तालाब बन जाती है। आंगनबाड़ी तक जाने वाला रास्ता पूरी तरह कीचड़ से भर जाता है। पालकों को बच्चों को गोद में उठाकर केंद्र तक ले जाना पड़ रहा है। कई बार शिकायत के बाद भी सरपंच-सचिव ने सुध नहीं ली।

युवा जिला अध्यक्ष ने लिया संज्ञान
मामले को लेकर आदिवासी समाज के युवा जिला अध्यक्ष लखेश्वर कश्यप ने कहा कि वे स्वयं बीजागुड़ा पारा की स्थिति देख चुके हैं। छोटे बच्चों को हो रही परेशानी दुर्भाग्यजनक है। आज ही सरपंच और जनपद सीईओ बकावंड से बात करके तत्काल मुरूम डलवाने के लिए आग्रह किया जाएगा, ताकि बच्चों को राहत मिल सके और बाद में सीसी सड़क की स्वीकृति के लिए प्रयास किया जाएगा। ग्रामीणों ने लखेश्वर कश्यप के आश्वासन पर उम्मीद जताई है और प्रशासन से स्थाई समाधान की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *