हीरे तराश रही है बस्तर की ज्ञानगुड़ी!
जगदलपुर। बस्तर कलेक्टर आकाश छिकारा के मार्गदर्शन में शिक्षा विभाग द्वारा संचालित निशुल्क ज्ञानगुड़ी कोचिंग सेंटर वास्तव में हीरे तराशने वाला केंद्र बन गया है। यहां कोचिंग कर रही फिर एक बच्ची का चयन सरकारी बीएएमएस कॉलेज में हो गया है।
बीएएमएस कोर्स के लिए चयनित छात्रा हिमांशी ने मुख्यमंत्री, विधायक, सांसद, महापौर, कमिश्नर, कलेक्टर का धन्यवाद ज्ञापित किया है। हिमांशी ने कहा- ऐसे कोचिंग सेंटर का होना हम जैसे माध्यम वर्गीय गरीब बच्चों के लिए बेहद जरूरी है। आर्थिक मानसिक परेशानियों को दूर कर फ्री होकर तैयारी का परिणाम सुखद होता है। कलेक्टर बस्तर ने अच्छे से पढ़ाई पूर्ण कर बस्तर में ही सेवा देने की अपील की एवं शिक्षकों और पेरेंट्स को बधाई दी।
इससे पूर्व चार बच्चों का ज्ञानगुड़ी से एमबीबीएस के लिए हो चयन हो चुका है। इस पर सभी बच्चों ने कहा कलेक्टर सर से प्राप्त टिप्स को ध्यान में रखकर पूरे वर्ष पढ़ाई की, जिसका परिणाम हमें मिला। उल्लेखनीय है कि बस्तर कलेक्टर आकाश छिकारा लगातार ज्ञानगुड़ी में मार्गदर्शन देते रहे हैं। बस्तर कलेक्टर आकाश छिकारा अपनी पढ़ाई और यूपीएससी की तैयारी की पिन प्वाइंट जानकारी बच्चों को लगातार देते रहे, जिसका परिणाम यह हुआ कि 90 में से 50 बच्चों ने नीट क्वालीफाई किया और उनमें से पांच बच्चों ने एमबीबीएस एवं बीएएमएस में सीट प्राप्त कर ली है। इस उपलब्धि पर अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने ज्ञानगुड़ी अलेक्जेंडर एम. चेरियन, जी. श्रीनिवास राव, मनीष श्रीवास्तव, संजीव बिस्वास को बधाई है।
