भारी बारिश से करपावंड में 3 गरीबों के मकान ढहे, परिवार खुले आसमान के नीचे

बकावंड / | विकासखंड बकावंड अंतर्गत ग्राम पंचायत करपावंड में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण 3 परिवारों के कच्चे मकान भरभरा कर गिर गए। मकान गिरने से परिवार बेघर हो गए हैं और खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत करपावंड में पिछले दो दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश के कारण भरत ठाकुर, गोमती पिता रतन और दीपा देवांगन का कच्चा मकान पूरी तरह से ढह गया। गनीमत रही कि घटना के समय परिवार के सदस्य घर से बाहर थे, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन घर में रखा अनाज, बर्तन और घरेलू सामान मलबे में दबकर पूरी तरह खराब हो गया।

पीड़ितों ने बताया कि उन्होंने इसकी सूचना सरपंच और पटवारी को दे दी है। पीड़ित परिवारों ने प्रशासन से मुआवजा और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्का मकान दिलाने की मांग की है।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि प्रशासन ने जल्द ही मदद नहीं की तो इन परिवारों के सामने भूखे मरने की नौबत आ जाएगी। वहीं तहसीलदार बकावंड ने बताया कि राजस्व टीम को मौके पर भेजा जा रहा है, जांच के बाद नियमानुसार आर्थिक सहायता दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *