भैंसगांव में बाढ़ पीड़ितों को राशन सामग्री का वितरण, 300 परिवार जलमग्न

बस्तर, 26 सितंबर 2026/ चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के प्रभाव से बस्तर ब्लॉक के भैंसगांव में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। बुधवार से हो रही अनवरत बारिश के कारण मारकंडी और इंद्रावती नदी में उफान आ गया है, जिससे नदी किनारे बसे भैंसगांव के 300 परिवार बाढ़ की चपेट में आ गए हैं और पूरा गांव जलमग्न हो गया है।

बाढ़ पीड़ितों के लिए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव द्वारा राशन सामग्री भिजवाई गई। शनिवार को बारिश थमने के बाद एसडीएम, तहसीलदार और सरपंच की उपस्थिति में द्वारा गांव पहुंचकर पीड़ित परिवारों को राशन वितरित किया गया। इस दौरान सरपंच मदन बघेल सहित ग्रामीण मौजूद रहे।

इसी बीच भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने वीडियो कॉल के माध्यम से सरपंच मदन बघेल से सीधे चर्चा कर गांव की वर्तमान स्थिति, जलस्तर और राहत कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने प्रशासन से समन्वय कर हर संभव मदद पहुंचाने का आश्वासन दिया।

प्रशासन द्वारा अब तक करीब 150 लोगों को रेस्क्यू कर राहत शिविर में लाया गया है, जहां भोजन-पानी की व्यवस्था की जा रही है। वहीं अभी भी डेढ़ सौ से अधिक ग्रामीण अपने घरों में फंसे हैं, जो घर छोड़कर नहीं आना चाहते। प्रशासन लगातार रेस्क्यू में जुटा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *