कंवर समाज ने डिप्टी कलेक्टर पंचारी व सहायक अभियंता कंवर को दी भावभीनी विदाई

बीजापुर। जिले में लंबे समय तक सेवाएं देने के बाद स्थानांतरित हुए वरिष्ठ डिप्टी कलेक्टर उत्तम सिंह पंचारी तथा सहायक अभियंता भुनेश्वर सिंह कंवर को शुक्रवार शाम कंवर समाज बीजापुर द्वारा भावभीनी विदाई दी गई। इंडियन कॉफी हाउस में आयोजित सादे एवं गरिमामय समारोह में समाज के पदाधिकारियों और सदस्यों ने दोनों अधिकारियों का सम्मान कर उनके योगदान को याद किया।
कार्यक्रम में समाज प्रतिनिधियों ने कहा कि दोनों अधिकारी कंवर समाज के सक्रिय एवं समाजहितैषी सदस्य रहे हैं। उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान समाज और क्षेत्र के विकास में सहयोग, मार्गदर्शन तथा सकारात्मक भूमिका निभाई, जिसके लिए समाज उनके प्रति आभार व्यक्त करता है।
इस अवसर पर दोनों अधिकारियों को शॉल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। समाज की ओर से उनके उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य तथा नए दायित्वों में सफलता की कामना की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उत्तम सिंह पंचारी ने बीजापुर में बिताए अपने कार्यकाल के सुखद और चुनौतीपूर्ण अनुभवों को साझा किया। उन्होंने क्षेत्र के आमजन तथा कंवर समाज से मिले सहयोग, स्नेह और मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया। वहीं भुनेश्वर सिंह कंवर ने समाज में एकता और आपसी सहयोग की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने बीजापुर के दुर्गम क्षेत्रों में दायित्वों के निर्वहन के दौरान आदिवासी समाज से मिले सहयोग के लिए विशेष धन्यवाद ज्ञापित किया।
कार्यक्रम में कंवर समाज के जिला अध्यक्ष कमलेश्वर सिंह पैंकरा, नेत्र विशेषज्ञ डॉ. तरुण सिंह कंवर, बुद्धेश्वर सिंह पैंकरा, खिलेश्वर कंवर, दीपक साय, श्रेयांश पैंकरा, आशीष पदमवार, सिरोज विश्वकर्मा सहित समाज के अन्य सदस्य एवं सहयोगी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *