इन्द्रावती के जंगल में जमीन के नीचे मिला 4.53 करोड़ का माओवादी डम्प, 3.84 किलो सोना और 24.22 लाख नकद बरामद
बीजापुर – जिले में माओवादी नेटवर्क के खिलाफ सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। इन्द्रावती नदी के आसपास जंगल में जमीन के अंदर स्टील के डिब्बे में छिपाकर रखे गए माओवादी डम्प से 3 किलो 840 ग्राम सोना और 24 लाख 22 हजार 500 रुपये नगद बरामद किए गए हैं। बरामद सोने की अनुमानित कीमत 4 करोड़ 29 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 27 नवंबर को थाना भैरमगढ़ क्षेत्र के इन्द्रावती नदी के आसपास जंगल में माओवादी डम्प छिपाकर रखे जाने की आसूचना प्राप्त हुई थी। पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता के मार्गदर्शन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रविन्द्र कुमार मीणा के नेतृत्व में डीआरजी, थाना भैरमगढ़ एवं बीडीएस की संयुक्त टीम ने सर्चिंग अभियान चलाया।

थाना भैरमगढ़ से लगभग 8 से 10 किलोमीटर दूर चिन्हित स्थान पर बीडीएस टीम ने डिमाइनिंग और तलाशी के दौरान जमीन के अंदर छिपाकर रखा गया एक स्टील का डिब्बा बरामद किया। डिब्बे की तलाशी लेने पर 10-10 तोला वजन के 33 सोने के बिस्किट मिले, जिनका कुल वजन 330 तोला यानी 3.84 किलोग्राम है। सोने की अनुमानित कीमत 4 करोड़ 29 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा टेप से लिपटे पैकेट में 500-500 रुपये के नोटों के रूप में कुल 24 लाख 22 हजार 500 रुपये नगद बरामद हुए।बरामद सोने एवं नगद राशि के संबंध में थाना भैरमगढ़ में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
अब तक 12.34 किलो सोना और 8.24 करोड़ नगद बरामद
सुरक्षा बलों की लगातार कार्रवाई के परिणामस्वरूप बीजापुर जिले के विभिन्न स्थानों से अब तक माओवादी डम्प से कुल 8 करोड़ 24 लाख 33 हजार 300 रुपये नगद तथा 12.34 किलोग्राम सोना बरामद किया जा चुका है। इस कार्रवाई को माओवादी नेटवर्क की आर्थिक गतिविधियों पर बड़ी चोट के रूप में देखा जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता के कुशल मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में सुरक्षा बलों द्वारा लगातार की जा रही प्रभावी कार्रवाई जिले में माओवादी नेटवर्क के विरुद्ध मजबूत रणनीति को दर्शाती है। दुर्गम जंगलों और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में अपनी जान जोखिम में डालकर अभियान को सफल बनाने वाले डीआरजी, भैरमगढ़ पुलिस एवं बीडीएस के जवानों का साहस, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा वास्तव में सराहनीय है।
