नगर पंचायत चुनाव को लेकर भाजपा ने तेज की तैयारी, प्रदेश उपाध्यक्ष जी. वेंकट ने कार्यकर्ताओं को सौंपी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां

बीजापुर /आगामी नगर पंचायत चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में भोपालपटनम मंडल स्तर की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें प्रदेश उपाध्यक्ष एवं नगर पंचायत चुनाव प्रभारी जी. वेंकट ने पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को चुनाव की दृष्टि से महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपीं।

बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष एवं नगर पंचायत चुनाव प्रभारी जी. वेंकट ने वार्ड प्रभारी, बूथ अध्यक्षों एवं बूथ स्तर के सदस्यों को संबोधित करते हुए चुनावी तैयारियों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संगठन की मजबूती, आपसी समन्वय और प्रत्येक वार्ड में सक्रिय भूमिका निभाने का मूलमंत्र दिया। उन्होंने कहा कि चुनाव में संगठन की वास्तविक ताकत समर्पित कार्यकर्ता होते हैं। इसलिए प्रत्येक कार्यकर्ता अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी निष्ठा और सक्रियता के साथ करे।

वहीं, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एवं नगर पंचायत चुनाव सह प्रभारी श्रीनिवास मुदलियार ने बैठक में चुनावी कार्ययोजना और रणनीति पर विस्तारपूर्वक चर्चा की। उन्होंने वार्ड स्तर पर संगठन को मजबूत बनाने, मतदाताओं से निरंतर संपर्क स्थापित करने तथा केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं में उत्साह और जोश भरते हुए कहा कि संगठित प्रयास, मजबूत बूथ प्रबंधन और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी से चुनाव में बेहतर परिणाम हासिल किए जा सकते हैं।

बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष एवं नगर पंचायत चुनाव सह प्रभारी जानकी कोरसा, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य महिला मोर्चा जया देवी चिडेम, माया झाड़ी, जिला मंत्री वेंकट यालम, भाजपा प्रवक्ता मथियस कुजुर,मीडिया प्रभारी एवं एस टी मोर्चा प्रभारी प्रताप यादव, एस टी मोर्चा जिला अध्यक्ष संदीप तेलम, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष हरिहर साहनी, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष उर्मिला तोकल, युवा मोर्चा जिला महामंत्री मिथलेश नाग, मंडल अध्यक्ष नरसिंह रेड्डी, मंडल महामंत्री अरुण भगत, अनकरी सुधाकर, कोयलकर श्रीनिवास, मंडल कोषाध्यक्ष सचिन आत्रम, साईं चेट्टी, गोविंद कुमरे सहित पदाधिकारी कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *