उज्जवल भारत, उज्जवल भविष्य ऊर्जा 2047 के तहत ऑडिटोरिम में मनाया गया बिजली महोत्सव
बीजापुर :- आजादी के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आजादी के अमृत महोत्सव के रूप में मनाया जा रहा है। इसी क्रम में केन्द्रीय विद्युत मंत्रालय एवं छत्तीसगढ़ विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड के संयुक्त प्रयास से विद्युत क्षेत्र के प्रमुख उपलब्धियों को दर्शाया जा रहा है। इसके अर्न्तगत देश में चल रही विद्युत विभाग के विभिन्न योजनाओं को लाभार्थी तक पहुंचाने जागरूक करने का कार्य किया जा रहा है। शासन के निर्देशानुसार जिले में दो दिवसीय बिजली महोत्सव कार्यक्रम आयोजित की जा रही है। प्रथम दिवस बीजापुर स्थित ऑडिटोरियम के कार्यक्रम आयोजित हुई मुख्य अतिथि कमलेश कारम जिला पंचायत उपाध्यक्ष ने विद्युत विभाग के उत्कृष्ट कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि विद्युत विभाग के अधिकारी-कर्मचारी बीजापुर जैसे दुर्गम क्षेत्रों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

पहले बीजापुर में कई गांवों तक बिजली नहीं पहुंच पायी थी और जहां बिजली थी वहां आंधी -तुफान या बारिश के समय एक बार बिजली गुल हो जाने पर कई दिनों तक बिजली नहीं आती थी। लेकिन अब स्थिति में बहुत सुधार आया है। जिले के अधिकांश क्षेत्रों में बिजली पहुंच चुकी है। शेष क्षेत्रों में भी बिजली आपूर्ति की दिशा में कार्य चल रहा है। वहीं जहां बिजली संभव नहीं हो पाया वहां क्रेडा विभाग द्वारा सोलर के माध्यम से हाईमास्ट लाईट, सोलर पंप, सिंचाई सुविधा, स्ट्रीट लाईट जैसे व्यवस्थाएं संचालित की जा रही है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत एवं कृषक कल्याण बोर्ड के सदस्य बसंत राव ताटी ने अपने उद्बोधन दिया और विद्युत विभाग के कार्योें की प्रशंसा की वहीं शासन की विभिन्न योजनाओं से अवगत कराया।

सीईओ जिला पंचायत रवि कुमार साहू, नोडल अधिकारी एनटीपीसी संजीव, नीरज सोनी एवं सीएसपीडीसीएल के मुख्यकार्यपालन अधिकारी पीआर साहू ने विभिन्न योजनाओं से उपभोक्ताओं को जानकारी दी। वहीं पीआर साहू ने विद्युत विभाग द्वारा बीजापुर जिले में विद्युत विस्तार, बिजली बिल हाफ योजना, किसानों को दी जाने वाली मुफ्त बिजली योजना को विस्तार पूर्वक बताया जिले में उपलब्ध सब स्टेशन, पामेड़, केतुलनार, तर्रेम जैसे सुदूर क्षेत्रों मे विद्युत विस्तार की के बारे में जानकारी दी। वहीं माननीय मुख्यमंत्री जी के द्वारा किये गए सब स्टेशन की घोषणा भद्रकाली एवं गंगालूर में जिससे बिजली निर्बाधगति से हितग्राहियों को मिलेगी। महोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रम, नाटक-नुक्कड़, के द्वारा ऊर्जा विभाग के ओर से संचालित सौभाग्य योजना, दीनदयाल उपाध्याय ग्रामज्योति योजना, वन नेशन वनग्रिड, उपभोक्ता अधिकार सोलर रूफटाफ सहित विभिन्न योजनाओं का प्रदर्शन किया गया।
इस अवसर पर नगरपालिका का अध्यक्ष बेनहूर रावतिया, जिला पंचायत सदस्य सोमारू राम कश्यप, सरिता चापा, क्रेडा विभाग के जिला प्रभारी मनीष नेताम सहित जनपद अध्यक्ष-उपाध्यक्ष एवं विद्युत विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, सहित उपभोक्तागण मौजूद थे।
