सावन के तीसरे सोमवार को भोपालपटनम में निकाली गई भव्य कावड़ यात्रा, चार किलोमीटर दूर इंद्रावती नदी से जल लाकर भोलेनाथ को किया अर्पित

भोपालपटनम :- सावन महीने के तीसरे सोमवार को भोपालपटनम नगर में पहली बार भव्य कावड़ यात्रा का आयोजन किया गया । इस आयोजन में 121 कांवड़िया और 51 कलश लेकर श्रद्धालु तिमेड़ इंद्रावती नदी का जल लेकर चार किलोमीटर दूर पदयात्रा करते हुए भोपालपटनम स्थित शिवालय पहुंच कर शिव लिंग पर जल अर्पित किया । पदयात्रा के दौरान श्रदालुओं द्वारा हर हर महादेव के नारे लगाते रहे । नगर में पहली बार आयोजित इस भव्य पदयात्रा को देखने के लिए हजारों की संख्या में भक्तगण और दर्शकों का तांता लगा हुआ था ।

भोपालपटनम स्थित शिवालय में सुबह 8 बजे से ही भक्तों की भीड़ जुटने लगी थी। मंदिर में भगवान शिव की पूजा अर्चना के बाद प्रसाद वितरण किया गया । पदयात्रा के दौरान सभी कांवड़िया केसरिया धोती कुर्ता और गले में गमछा लपेट कर अपने अपने कांवड़ों को सजा कर भक्तों की टोली इंद्रावती से निकली । माना जाता है कि पवित्र सावन के महीने में जल अर्पित करने से भगवान भोलेनाथ प्रसन्न होते हैं । ऐसे में बाबा भोले के उपासक पूरे महीने बाबा को प्रसन्न करने के कई उपाय करते हैं, जिनमे से एक कांवर यात्रा भी शामिल है ।

मंदिर समिति से मिली जानकारी के अनुसार पी आनन्द द्वारा सोशल मीडिया के माध्यम से कांवड़ यात्रा का प्रस्ताव रखा, जिसमे सभी की सहमति के बाद मंदिर परिसर में एक बैठक का आयोजन कर कांवड़ यात्रा की रूप रेखा तैयार कर यात्रा को सम्पन्न कराया गया । इस आयोजन को सफल बनाने में शिव मंदिर समिति, बजरंगदल, महिला मंडल और नगर वासियों का सहयोग रहा । नगर में पहली बार हुए इस कांवड़ यात्रा को बड़े ही धूमधाम व बाजा गाजा के साथ तिमेड़ से निकाल कर शिवालय तक पहुंचाया गया । इस यात्रा के दौरान भाजपा जिला उपाध्यक्ष लव कुमार रायडू भाजपा भोपालपटनम मंडल के कार्यकर्ताओं और गोल्लागुड़ा के श्रद्धालुओं द्वारा कांवड़ यात्रियों को तिलक लगा कर, माला पहनाकर, फल देकर स्वागत किया गया ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *