लापरवाही -शिक्षा विभाग द्वारा ग्राम पंचायत छोटे कापसी को मरम्मत कार्य की राशि देने के बाद भी नही कराया मरम्मत कार्य

छोटे कापसी(राजदीप शर्मा) – कोयलीबेड़ा ब्लॉक के छोटे कापसी हाई स्कूल की जर्जर छत का प्लास्टर उखड़ा हुआ है,जरा सी बारिश में ही छत से पानी टपकने लगता है। छत व दीवारों से पानी रिसकर कमरों में भर जाता है, जिससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। जिम्मेदारों की अनदेखी के चलते बच्चों का भविष्य अंधकार में है । बारिश की वजह से स्थिति इतनी ज्यादा खराब हो गई है कि तीन कमरे स्टाफ रूम, पुस्तकालय,कंप्यूटर रूम में बच्चे बैठ नहीं पा रहे हैं। उन्हें वैकल्पिक तौर पर दूसरे कमरों में बैठाने की व्यवस्था की जाती है। वहीं प्राचार्य व स्कूल स्टाफ कक्ष में भी पानी टपक रहा है जिससे उन्हें भी परेशानी हो रही है। पानी रोकने के लिए स्कूल प्रबंधन द्वारा छत एवं आईसीटी लैब कमरे में प्लास्टिक से ढंके हुए है, लेकिन लगातार हो रही बारिश की वजह से यह वैकल्पिक व्यवस्था भी काम नहीं आ रही है। रोजाना सुबह के साथ ही पूरे दिन दो से तीन बार स्कूल के चौकीदार प्लास्टिक व कमरे के पानी को बाहर फेंकते हैं। इसके बाद भी समस्या जस की तस बनी हुई है।

स्कूल प्रबंधन ने इस समस्या से शिक्षा विभाग के अफसरों को अवगत कराया तो उन्हें नए स्कूल भवन और वर्तमान में इसकी मरम्मत के लिए ग्राम पंचायत छोटे कापसी को 02 लाख रुपये की स्वीकृत प्रदान कर निर्माण एजेंसी ग्राम पंचायत छोटे कापसी को प्रथम किश्त 40% की आधार पर 80,000 (अस्सी) हजार रुपये 10 माह पहले उनके बैंक खाता क्रमांक 5004203794 छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक में जमा किया गया। जिसके बाद प्राचार्य के द्वारा दो बार ग्राम पंचायत को नोटिस भी जारी किया गया परंतु आज दिनांक तक स्कूल मरम्मत कार्य शुरू नही किया गया है ।

इस संबंध पर कापसी हाई स्कूल प्राचार्य अनिल कुमार ब्रह्मणे ने बताया कि जिला शिक्षा कार्यालय से ग्राम पंचायत कापसी को मरम्मत कार्य हेतु 2.00 लाख रुपये स्वीकृत राशि से 10 माह पहले 80 हजार रुपये दिए गए। परंतु आज दिनांक तक मरम्मत कार्य शुरू नही किया गया।

इस संबंध पर जंप कोयलीबेड़ा सी.ई.ओ आशीष डे ने बताया कि ग्राम पंचायत छोटे कापसी को मरम्मत कार्य में विलंब करने के संबंध में कारण बताओ नोटिस जारी कर कार्य को तत्काल प्रारंभ करने आदेश दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *