1000 बच्चों के फ्लैश मॉब के साथ हुआ पेकोर पंडुम का भव्य शुभारंभ
विधायक औऱ कलेक्टर ने आयोजन को बच्चों के सर्वांगीण विकास में बताया उपयोगी
बीजापुर :-जिला प्रशासन और स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित पेकोर पंडुम समर कैम्प के शुभारंभ पर 1000 स्कूली बच्चों ने सामूहिक फ़्लैश मॉब कर उद्घाटन को रोचक और मनोरंजक बना दिया । बच्चों ने इस दौरान क्षेत्रीय विधायक एवं बस्तर विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष विक्रम मंडावी और कलेक्टर राजेन्द्र कुमार कटारा से उनके स्कूली जीवन और खेल के प्रति रुचि को लेकर कई तरह के सवाल पूछे जिसका लुत्फ उठाते हुए विधायक और कलेक्टर ने अपने जीवन के संस्मरण सुनाते हुए समाधान कारक जवाब दिया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि विक्रम मंडावी ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए गर्मी की छुट्टियों में अपने प्रतिभाओं को निखारने तथा नए-नए विधाओं को सीखकर अपने जीवन में आगे बढ़ने हेतु प्रेरित किया । कलेक्टर राजेन्द्र कुमार कटारा ने बच्चों को समर कैम्प का महत्व बताते हुए कहा कि पहली बार समर कैम्प में 50 विधाओं को शामिल कर सभी तरह के प्रतिभाओं को निखारने का एक मंच तैयार किया गया है। इस बार समर कैम्प में बुनियादी शिक्षा को विकसित करने के साथ कला एवं शिल्प, खेल, पाक कला, कम्प्यूटर, मूर्तिकला, चित्रकारी, सांस्कृतिक गतिविधियों के अंतर्गत ढेर सारी गतिविधियों में अंदरूनी और दूर दराज के बच्चों को शामिल होने का मौका मिल रहा है। वर्तमान समय मे व्यक्ति को अनेक विधाओं में पारंगत होना चाहिए जिससे वे आगे चलकर अपने जीवन मे रुचि के अनुरूप आत्मनिर्भर बन सके।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष शंकर कुडियम, जनपद अध्यक्ष बोधी ताती, नगर पालिका उपाध्यक्ष पुरषोत्तम सल्लुर, पार्षद जितेंद्र हेमला, पार्षद लक्ष्मण कडती, संयुक्त कलेक्टर पवन कुमार प्रेमी, जिला शिक्षा अधिकारी बी आर बघेल ने बच्चों का उत्साह वर्धन किया। ज्ञानगुड़ी एजुकेशन सिटी में आयोजित समर कैम्प में ग्रामीण और नगरीय बच्चों के लिए ढोलक तबला हारमोनियम एकल नृत्य, सामूहिक नृत्य, लोक नृत्य, सॉफ्ट टॉयज़, चित्रकारी, रंगोली, मेहंदी, पाक कला, बांस शिल्प, कबड्डी, फुटबॉल, बैडमिंटन, तीरंदाजी, साफ्ट बाल, एथलेटिक्स, तैराकी, मार्शल आर्ट, जुडो, खिलौना निर्माण आदि विधाएं शामिल की गई है। ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों के लिए आवासीय सुविधा के साथ प्रशिक्षण रखा गया है ।
