सिंहदेव ने बड़ाजी और सिंघनपुरी में कार्यकर्त्ताओं को दिए टिप्स
लोहंडीगुड़ा :- छत्तीसगढ़ सरकार के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव बाबा ने सोमवार को चित्रकोट विधानसभा क्षेत्र के ग्राम करंजी में बूथ चलो अभियान का शुभारंभ किया। इसके बाद वे चित्रकोट विधानसभा क्षेत्र के लोहंडीगुड़ा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत बड़ाजी में भी कार्यकर्त्ताओं से रूबरू हुए।

टी एस सिंहदेव ने कार्यकर्त्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि हमारी कांग्रेस पार्टी देश की सबसे बड़ी और उत्कृष्ट विचारधारा वाली पार्टी है। हम कांग्रेसी देश को एकसूत्र में बांधे रखने और भाईचारा बनाए रखने में विश्वास करते हैं। हमारे नेता राहुल गांधी ने देश की मौजूदा हालत को देखते हुए भारत जोड़ो यात्रा निकाली थी। उन्होंने नफरती माहौल को दूर कर देशभर में प्रेम के संदेश का प्रसार किया। श्री सिंहदेव ने कहा कि भाजपा फूट डालो और राज करो की नीति पर चलती है, जबकि कांग्रेस सभी धर्म मजहब, पंथ, समुदायों को एक नजर से देखती और सभी का समान रूप से सम्मान करती है। मंत्री ने कार्यकर्त्ताओं से कांग्रेस की विचारधारा और राज्य की कांग्रेस सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं को जन जन तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने पूरे विश्वास के साथ कहा कि हम अपनी पार्टी की उत्कृष्ट विचारधारा और राज्य सरकार की लोक हितैषी योजनाओं के दम पर ही विधानसभा तथा लोकसभा चुनावों में ऐतिहासिक जीत हासिल करेंगे। इस दौरान उनके साथ बस्तर के सांसद दीपक बैज, चित्रकोट विधानसभा क्षेत्र के विधायक राजमन बेंजाम और बड़ी संख्या में पार्टी के नेता एवं कार्यकर्त्ता उपस्थित थे। यहां के कार्यक्रम से फारिग होने के बाद मंत्री टीएस सिंहदेव चित्रकोट विधानसभा क्षेत्र की ही ग्राम पंचायत सिंघनपुर में आयोजित कांग्रेस की बैठक एवं बूथ चलो अभियान में शामिल हुए। वहां उन्होंने कार्यकर्त्ताओं का मनोबल बढ़ाया और उन्हें मार्गदर्शन दिया। सिघनपुरी स्थित महात्मा गांधी ग्रामीण औद्योगिक पार्क का निरीक्षण श्री सिंहदेव ने किया। पार्क में महिला स्व सहायता समूह द्वारा संचालित बेकरी की व्यवस्था ने मंत्री का दिल जीत लिया। उन्होंने महिलाओं का उत्साहवर्धन करते हुए उनके हाथों से निर्मित बिस्किट के पैकेट्स भी खरीदे।
