मंत्री कवासी लखमा ने किए भगवान जगन्नाथ दर्शन


जगदलपुर :- बस्तर जिले के प्रभारी मंत्री कवासी लखमा ने सोमवार की शाम सिरहासार पहुंचकर वहां विराजे भगवान जगन्नाथ, देवी सुभद्रा और भाई बलभद्र के दर्शन कर पूजा अर्चना की। उन्होंने भगवान से बस्तर में अच्छी बारिश और पूरे छत्तीसगढ़ के लोगों की खुशहाली की कामना की। इस दौरान वे 360 घर अरण्यक ब्राह्मण समाज के पदाधिकारियों और गांव- गांव से आए ब्राह्मण समाज के लोगों से मुलाकात कर उनका हाल जाना। उन्होंने कहा कि बस्तर दशहरा में जिस तरह पूरे अंचल के आदिवासियों की सहभागिता रहती है, उसी तरह बस्तर गोंचा पर्व में 360 घर आरण्यक समाज की मुख्य भूमिका रहती है। सिरहासार में आए ब्राह्मण समाज के बच्चे, महिलाएं और युवतियों से मंत्री अपने चिरपरिचित अंदाज में मिले। लोगों से मिलने पर बच्चे और महिलाएं भी काफी प्रसन्न नजर आए। इस दौरान मंत्री के साथ कांग्रेसी नेता विक्रम सिंह डांगी, कमलेश पाठक, ओंकार सिंह जसवाल, संजय पाणिग्रही समेत अन्य लोग मौजूद थे। समाज के अध्यक्ष ईश्वर खंबारी, गिरजा पांडे और अन्य लोगों ने मंत्री श्री लखमा का आत्मीय स्वागत किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *