मौसमी बीमारियों की रोकथाम हेतु स्वास्थ्य विभाग का अभियान



पाटन :- बारिश के समय मौसमी बीमारियों से बचाव एवं नियंत्रण हेतु शासन द्वारा गहन दस्त नियंत्रण पखवाड़ा का आयोजन किया जा रहा है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी दुर्ग के मार्गदर्शन में जिले के पाटन विकासखंड के भी ग्रामों एवं नगरीय निकायों में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, कर्मचारी, मितानिनों के दल स्वास्थ्य जागरूकता अभियान चला रहे हैं। पाटन बीएमओ डॉ. आशीष शर्मा ने बताया कि टीमें स्कूलों, आगनबाड़ी केंद्रों में जाकर बच्चों को हाथ धोने के 6 तरीके एवं भोजन के पहले तथा शौच के बाद साबुन से हाथ धुलाई की जानकारी दे रहे हैं। स्कूलो आंगनबाड़ी केंद्रों, कार्यालयों, ग्रामों की पानी टंकियों की सफाई करने की अपील कर रहे हैं।ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल का उपयोग करने प्रेरित कर रहे हैं। मितानिनें घर -घर जाकर 5 वर्ष से कम आयु के बच्चों के लिए ओआरएस पैकेट्स वितरित कर रही हैं। ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट पाटन से ग्रामों में सर्विलांस से निगरानी की जा रही है। बीईटीओ बीएल वर्मा, चंद्रकांता साहू, सैय्यद असलम के पर्यवेक्षण में स्वास्थ्य शिक्षा एवं जागरूकता गतिविधियां की जा रही हैं। एसडीएम विपुल गुप्ता एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत मुकेश कोठारी के निर्देशन में पेयजल स्रोतों के जल का शुद्धिकरण ग्राम पंचायतों, नगरीय निकायों एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अमलों द्वारा किया जा रहा है। ग्राम पचपेड़ी की प्राथमिक शाला में ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक वेणु गवेल एवं मितानिनों द्वारा बच्चों को स्वास्थ्य शिक्षा दी गई। यह जानकारी हेल्थ सुपरवाईजर सैयद असलम ने दी।

उल्टी दस्त की सूचना तुरंत दें : डॉ. शर्मा
बीएमओ डॉ. शर्मा ने अपील की है कि किसी क्षेत्र, ग्राम, वार्ड में किसी को उल्टी दस्त की शिकायत शुरू होती है, तो तत्काल ओआरएस का घोल बनाकर पीएं एवं स्थानीय मितानिन अथवा नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र को अतिशीघ्र सूचित करें जिससे तत्काल स्वास्थ्य प्रबंधन किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *