दीपक बैज की आंधी में उड़ते जा रहे हैं सभी विपक्षी दल
भाजपा के बाद अब जोगी कांग्रेस का हो रहा है सफाया
तोकापाल (अर्जुन झा) :- चित्रकोट विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस और उसके प्रत्याशी दीपक बैज की ऐसी आंधी चल रही है कि भाजपा समेत तमाम विपक्षी दल एक के बाद एक धाराशयी होते जा रहे हैं। अब तक क्षेत्र के भाजपा के पचासों बड़े नेता और हजारों कार्यकर्त्ता कांग्रेस में शामिल हो चुके हैं। लोगों में कांग्रेस से जुड़ने के लिए होड़ सी मच गई है। भाजपाइयों के कांग्रेस प्रवेश का क्रम तो जारी है ही, अब जोगी कांग्रेस का भी इस क्षेत्र से सफाया होने लगा है।
दीपक बैज का काम और व्यवहार चित्रकोट विधानसभा क्षेत्र के जर्रे जर्रे में बोल रहा है। दो बार के विधायकी कार्यकाल और सांसदीय कार्यकाल में दीपक बैज द्वारा जनहित में कराए गए कार्यों का असल मूल्यांकन इस चुनाव में हो रहा है। इस मूल्यांकन करते हुए ग्रामीण दीपक बैज को सौ में से सौ अंक देने में जरा भी कंजूसी नहीं कर रहे हैं। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार की योजनाएं और दीपक बैज की कार्य क्षमता एवं सदाशयता सोने पे सुहागा का काम कर रही हैं। क्षेत्र के ग्रामीण और शहरी मतदाता दीपक बैज के मुरीद बन गए हैं। हमेशा तटस्थ रहने वाले तथा भाजपा के प्रति झुकाव रखने वाले मतदाता भी दीपक की जगमगाहट से प्रफुल्लित हो उठे हैं। कांग्रेस के नेता और कार्यकर्त्ता जहां दोगुने उत्साह के साथ पार्टी प्रत्याशी श्री बैज के पक्ष में तल्लीन होकर काम कर रहे हैं, वहीं भाजपा के नेताओं और कार्यकर्त्ताओं का अपनी पार्टी से मोहभंग होता जा रहा है। भाजपाई भी अब दीपक बैज के दीवाने हो गए हैं। क्षेत्र में कांग्रेस और दीपक बैज की ऐसी आंधी चल पड़ी है कि भाजपा के परखच्चे उड़ते जा रहे हैं। भाजपा के नेताओं और कार्यकर्त्ताओं के कांग्रेस प्रवेश का सिलसिला है कि थमने का नाम ही नहीं ले रहा है। दीपक बैज की इस आंधी की चपेट में अब दूसरे विपक्षी दल भी आने लगे हैं। छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस (जे) भी इन्हीं विपक्षी दलों में शुमार है। जनता कांग्रेस को स्थानीय लोग जोगी कांग्रेस के नाम से ज्यादा जानते हैं। एक समय क्षेत्र में जोगी कांग्रेस के समर्थकों की संख्या हजारों में हुआ करती थी, जो अब सैकड़ों में आ सिमटी है। अब जोगी कांग्रेस के ये सैकड़ों लोग भी दीपक बैज का पुरजोर समर्थन करते हुए कांग्रेस में शामिल होते जा रहे हैं।

जोगी कांग्रेस के 200 लोग बने कांग्रेसी
चित्रकोट विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशी दीपक बैज के समक्ष जनता कांग्रेस (जे) के तोकापाल ब्लॉक अध्यक्ष सहित 200 कार्यकर्त्ताओं और ग्रामीणों ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली। इन लोगों ने भूपेश सरकार की रीति- नीति व दीपक बैज की कार्यशैली से प्रभावित होकर कांग्रेस का दामन थामा है।दीपक बैज के तोकापाल में जनसंपर्क के दौरान जनता कांग्रेस (जे) के वरिष्ठ नेता व तोकापाल ब्लॉक अध्यक्ष सोनसिंह सेठिया सहित 200 लोगों ने भूपेश सरकार की रीति नीति व दीपक बैज की लोकप्रियता व कार्यशैली से प्रभावित होकर कांग्रेस ज्वाईन कर ली। प्रत्याशी दीपक बैज ने सभी का स्वागत कर कांग्रेसी गमछा पहनाकर उन्हें विधिवत कांग्रेस प्रवेश कराया। भाजपा और जनता कांग्रेस को त्याग कर कांग्रेस में शामिल होने वालों की तादाद हजारों में पहुंच चुकी है। लोग तो अब यह चर्चा करने लगे हैं कि मतदान की तिथि तक विपक्षी दलों का किस हद तक वजूद बचा रह पाएगा?
‘दीपक’ से रौशन हो रहा है पड़ोस भी
दीपक बैज को चित्रकोट से प्रत्याशी बनाए जाने से कांग्रेस की तो बल्ले बल्ले हो गई है। दीपक बैज की लोकप्रियता का जादू अकेले चित्रकोट विधानसभा क्षेत्र में ही नहीं चल रहा है, बल्कि कांग्रेस के पक्ष में उसका व्यापक असर पड़ोसी जगदलपुर, बस्तर, नारायणपुर आदि विधानसभा क्षेत्रों में भी दिखाई दे रहा है। यानि चित्रकोट के दीपक की रौशनी पड़ोसियों के घरों में भी उजियारा बिखेर रही है। दीपक बैज को उम्मीदवार बनाकर कांग्रेस ने बड़ा दांव खेल दिया है। ऐसा करके कांग्रेस ने एक तीर से कई निशाने साध लिए हैं। चित्रकोट सीट के साथ ही बस्तर जिले के कई विधानसभा क्षेत्रों में भी कांग्रेस उम्मीदवारों की पौ बारह हो गई है।
