अनिला भेंड़िया के पलड़े को और भारी कर दिया घोषणा पत्र ने



कांग्रेस के हर वादे ने पीछे छोड़ दिया भाजपा को

डौण्डी लोहारा (अर्जुन झा) :- कांग्रेस का घोषणा पत्र दूसरे चरण में भाग्य आजमा रहे सभी पार्टी प्रत्याशियों के लिए ब्रम्हास्त्र साबित हुआ है। डौण्डी लोहारा विधानसभा क्षेत्र के मतदाता भी कांग्रेस के घोषणा पत्र को भाजपा के घोषणा पत्र की अपेक्षा ज्यादा महत्व देते नजर आ रहे हैं। कांग्रेस के घोषणा पत्र ने यहां से कांग्रेस प्रत्याशी अनिला भेड़िया का पलड़ा और भी भारी हो कर दिया है। महिला मतदाता पहले से ही अनिला भेड़िया की ओर झुकाव रखती आ रही हैं, घोषणा पत्र में कांग्रेस द्वारा महिला हित में किए गए वादों ने महिलाओं को और भी प्रभावित कर दिया है। भाजपा ने महिलाओं को हर साल 12 हजार रु. देने का वादा किया है, तो कांग्रेस ने एक कदम आगे बढ़कर डेढ़ हजार रु. देने की बात कह दी है। जाहिर है भाजपा के मुकाबले तीन हजार रु. ज्यादा देने वाली कांग्रेस को महिलाएं पसंद करेंगी ही। महिला स्व सहायता समूहों का कर्जा माफ करने की घोषणा भी महिलाओं को कांग्रेस के पक्ष में करने में सहायक बन रही है। 200 यूनिट फ्री बिजली की घोषणा को भी महिलाएं खूब पसंद कर रही हैं। किसानों का कर्ज माफ करने व 3200 रु. क्विंटल की दर से धान खरीदने की घोषणा कर कांग्रेस ने किसानों का दिल जीत लिया है। भाजपा ने धान का मूल्य महज 31 सौ रु. देने की घोषणा की है और कर्जमाफी का जिक्र भी उसके घोषणा पत्र में नहीं है। लिहाजा किसान कांग्रेस की घोषणाओं को ज्यादा तवज्जो देते नजर आ रहे हैं। तेंदूपत्ता की दर प्रति मानक बोरा 6 हजार करने और हर तेंदूपत्ता श्रमिक परिवार को प्रतिवर्ष 4 हजार रु. बोनस देने की कांग्रेस की घोषणा का भी व्यापक असर डौण्डी लोहारा क्षेत्र में देखने को मिल रहा है। तेंदूपत्ता के मामले में भी कांग्रेस ने भाजपा को काफी पीछे धकेल दिया है।

भाजपा ह हमला ठग दिस
किसान भाजपा के पंद्रह साल के शासन की तुलना भूपेश बघेल सरकार के पांच साल से करते हुए कहते हैं कि पंदरा बरस हमन ठगात रहि गेन। पांच बरस में हमला बिना मांगे भूपेश हा धान के बने मूल्य अउ बोनस घलो दिस हे। कर्जा ला अलग माफी कर दिस। ये बेरा धान के जादा रकम दिही कांग्रेस हा अउर करजा ल घलो माफ करही। इस तरह देखा जाए तो किसान फिर से कांग्रेस के पक्ष में लामबंद होते नजर आ रहे हैं। कांग्रेस के पहले आए भाजपा के घोषणा पत्र ने चुनावी हवा का रुख मोड़ दिया था। 31 सौ रु. क्विंटल के भाव से धान खरीदी संबंधी भाजपाई घोषणा से किसान प्रभावित हो उठे थे, लेकिन बाद में आए कांग्रेस के घोषणा पत्र ने बाजी ही पलट कर रख दी। अब किसान अपना हित – लाभ देखते हुए वोट देने का मन बना चुके हैं।

महिलाओं पर डबल इफेक्ट
डौण्डी लोहारा क्षेत्र की महिलाओं पर इस बार डबल इफेक्ट नजर आ रहा। पहला कांग्रेस प्रत्याशी अनिला भेड़िया का महिला होना और दूसरा कांग्रेस का महिला हितैषी घोषणा पत्र। अनिला भेड़िया ग्रामीण परिवेश में पली बढ़ी आदिवासी महिला नेत्री हैं। डौण्डी लोहारा क्षेत्र में डौण्डी लोहारा, दल्ली राजहरा, चिखलाकसा, डौण्डी ही नगरीय क्षेत्र हैं और अधिकतर मतदाता ग्रामीण अंचल के हैं। अनिला भेड़िया की लोकप्रियता शहरी और ग्रामीण मतदाताओं के बीच एक समान है। लेकिन ग्रामीण महिलाओं के बीच उनकी पैठ बहुत ही ज्यादा है। एक विधायक और मंत्री के रूप में अनिला भेंड़िया द्वारा कराए गए विकासपरक कार्यों का गहरा असर भी ग्रामीणों के मन में है। लोग उनकी मिलनसारिता और मृदु व्यवहार के कायल हैं। डौण्डी लोहारा क्षेत्र में तेंदूपत्ता बहुतायत में होता है और क्षेत्र की महिलाएं व पुरुष सीजन में तेंदूपत्ता संग्रहण कर धन उपार्जन करते हैं। तेंदूपत्ता श्रमिक भी कांग्रेस की घोषणा से आल्हादित हैं।

भाजपा में बढ़ गई है बेचैनी
कांग्रेस का घोषणा पत्र आने के बाद मतदाताओं का रुझान और चुनावी हवा का रुख बदल जाने से भाजपाई खेमे में बेचैनी बढ़ गई है। भाजपा के नेता अपने घोषणा पत्र में किए गए वादों का खूब ढिंढोरा पीट रहे थे, मगर कांग्रेस का घोषणा पत्र आने के बाद उनका फुदकना बंद हो गया है। अब वे कांग्रेस की काट ढूंढने की कोशिश में हैं, मगर वक्त नहीं रह गया है। कुछ घंटों बाद मतदान शुरू हो जाएगा। इतने कम समय में मतदाताओं का मन बदल पाना किसी भी सूरत में मुमकिन नहीं है। क्योंकि मतदाताओं ने अंतिम फैसला कर लिया है और उसी फैसले को वे इवीएम में कैद करने वाले हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *