चेरमंगी में छात्र द्वारा आत्महत्या को परिजनों ने संदिग्ध माना, परिजनों ने न्यायिक जाँच की कड़ी माँग- शंकर कुडियम
चेरमंगी छात्रावास की घटना की संपूर्ण जानकारी पीसीसी को भेजेंगे- शंकर कुडियम
बीजापुर :- छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देशानुसार जिला पंचायत बीजापुर अध्यक्ष शंकर कुडियम के नेतृत्व में दिनांक 27/02/2024 को बीजापुर जिले के उसूर विकासखंड अंतर्गत ग्राम चेरामनंगी छात्रावास में कक्ष सांतवी के छात्र द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किये जाने की घटना की जाँच की है जाँच रिपोर्ट प्रदेश कांग्रेस कमेटी को प्रेषित की जाएगी। इस संबंध में बुधवार को कांग्रेस कमेटी बीजापुर ने प्रेस वार्ता भी आयोजित कर पीड़ित परिवार और छात्रवास अधीक्षक व छात्रवास के छात्रों के बताये अनुसार घटना की वस्तुस्थिति को रखा गया है।
पाँच सदस्य जाँच टीम के संयोजक ज़िला पंचायत अध्यक्ष शंकर कुडियम ने बीजापुर में प्रेस वार्ता कर मीडिया को जानकारी देते हुए कहा कि “मृतक छात्र के परिजनों का कहना है कि यह आत्महत्या संदेहास्पद है,
बच्चा स्वयं फांसी नही लगा सकता,फांसी लगाया गया स्थल जमीन से काफी ऊपर है, बिस्तर से भी पहुंच नही सकता है, परिजनों ने बताया कि बगल में एक टेबल था, उस पर बहुत सारे पैरों के निशान थे, पुलिस ने परिजनों को घटनास्थल के फोटो भी खिंचने नही दिये, परिजनों के सामने घटनास्थल की पूरी तलाशी ली गई, घण्टो तलाशी के दौरान कोई सुसाईड नोट नही मिला, शव को ट्रेक्टर में रखते समय सुसाईड नोट का मिलना संदेहास्पद है, जाँच कमेटी को परिजनों ने आगे बताया कि सुसाईड नोट में अपने पिता का जिक्र करना जबकि मृतक छात्र अपने पिता को जानता तक नही है।
सुसाईड नोट में बड़ी ही समझदारी पूर्वक लिखा गया है, जबकि बच्चा पढ़ाई में कमजोर था, वह इस प्रकार का सुसाईड नोट नही लिख सकता, वह छुट्टी का आवेदन पत्र भी ठीक से नही लिख पाता था, प्रेस वार्ता संबोधित करते हुए जाँच समिति के संयोजक शंकर कुडियम ने आगे कहा की परिजनों ने जाँच कमेटी को बताया कि पुलिस उनकी कोई बात नही सुन रही है, जाँच से पहले ही घटनास्थल के कमरे को साफ कर दिया गया था,परिजनों ने कहा कि ये आत्महत्या नही बल्कि हत्या है।”
जाँच समिति के समक्ष आश्रम अधीक्षक छात्रावास के छात्रों ने भी बच्चे का बिलकुल सामान्य होना बताया, अधीक्षक व छात्रों के अनुसार बच्चे को भी कोई परेशानी नही थी।
प्रेसवार्ता को सम्बोधित करते हुए शंकर कुडियम ने सरकार से मांग करते हुए कहा की बीजापुर जैसे आदिवासी क्षेत्र में सांतवी कक्षा में अध्ययनरत आदिवासी छात्र जो पूरी तरह स्वस्थ था, उस बच्चे का इस तरह अचानक आत्महत्या कर लेना यह सीधा सीधा सरकार व प्रशासन में बैठे लोगों की लापरवाही है, इतने संसाधन होने के बावजूद भी यदि बच्चा आत्महत्या कर रहा है तो यह दुर्भाग्य जनक व चिंतनीय है। शंकर कुडियम ने आगे कहा कि इस घटना की गम्भीरता को देखते हुए परिजनों के माँग के अनुरूप प्रदेश सरकार घटना की न्यायिक जाँच करे ताकि पूरे घटना की सच्चाई सामने आये और दोषियों को सजा मिले व भविष्य में ऐसे घटनाओं की पुनरावृत्ति ना हो। इस पूरे घटना में कांग्रेस पार्टी पूरी तरह पीड़ित परिवार के साथ है।
प्रेस वार्ता के दौरान जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष लालू राठौर, जांच समिति के सदस्य जिला पंचायत उपाध्यक्ष कमलेश कारम, जनपद अध्यक्ष सुश्री अनिता तेलम, सदस्य श्रीनिवास बिराबोइना, विधायक प्रतिनिधि मनोज अवलम, महामन्त्री सुखदेव नाग, नगर उपाध्यक्ष पुरुषोत्तम सल्लुर, प्रवक्ता ज्योति कुमार, मीडिया प्रभारी राजेश जैन, कोषाध्यक्ष पुरुषोत्तम खत्री, सचिव वीरेन्द्र सिंह ठाकुर, समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।
