बारदाना जमा नहीं करने के कारण 2 उचित मूल्य दुकान निलम्बित, कलेक्टर के निर्देश पर हुई कार्रवाई
बीजापुर :- कलेक्टर राजेन्द्र कुमार कटारा के निर्देशानुसार एसडीएम बीजापुर देवेश ध्रुव ने बारदाना जमा नहीं करने के कारण बीजापुर ब्लाक के 2 उचित मूल्य दुकानों को निलम्बित कर समीपस्थ उचित मूल्य दुकानों में शिफ्ट कर दिया है। खाद्य विभाग द्वारा माह अप्रैल 2021 से खाली बारदाना को लेम्पस समिति में जमा करने के निर्देश के बावजूद जिन दुकानदारों के द्वारा बारदाना जमा नहीं किया जा रहा है उन उचित मूल्य दुकान संचालकों के विरुद्ध कार्यवाही की जा रही है। इसी परिपेक्ष्य में एसडीएम बीजापुर देवेश ध्रुव द्वारा छत्तीसगढ़ सार्वजनिक वितरण प्रणाली नियंत्रण आदेश 2016 के तहत् उचित मूल्य दुकान कडेर तथा उचित मूल्य दुकान कैका को बारदाना जमा नहीं करने के कारण तत्काल प्रभाव से निलम्बित कर नजदीकी उचित मूल्य दुकान लेम्पस नैमेड़ में संलग्न कर दिया गया है। वहीं इन उचित मूल्य दुकान के संचालक सरपंच ग्राम पंचायत कडेर एंव कैका को नोटिस जारी कर जांच हेतु सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ऐसे सभी उचित मूल्य दुकान संचालकों जिनके द्वारा शत-प्रतिशत खाली बारदाना जमा नहीं किया गया है उन्हें दो दिवस के भीतर बारदाना जमा किये जाने के निर्देश दिए गए हैं। खाली बारदाना नियत समयावधि में जमा नहीं करने पर सम्बन्धित उचित मूल्य दुकानों को निलम्बित करने सहित शासकीय बारदाना अन्यत्र उपयोग करने के सम्बन्ध में आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के तहत् कार्रवाई की जावेगी।
