भूपेश बघेल के ठिकानों पर फिर ईडी की दबिश
भिलाई :- पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पदुमनगर निवास पर फिर ईडी की टीम आ धमकी है। 6 गाड़ियों से पहुंचे ईडी के अधिकारी यहां भूपेश बघेल के निवास सहित कुछ अन्य ठिकानों पर दबिश छानबीन कर रहे हैं। सुरक्षा के लिहाज सी बड़ी संख्या में सीआरपीएफ और पुलिस के जवान मौके पर तैनात किए गए हैं। वहीं सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता भी भूपेश बघेल के निवास के आसपास जमा हो गए हैं और ईडी की कार्रवाई का विरोध कर रहे हैं।
सुबह करीब 5 बजे ईडी के अधिकारी सीआरपीएफ के जवानों के साथ पदुम नगर भिलाई तीन स्थित भूपेश बघेल के निवास पर पहुंचे। निवास सहित कुछ अन्य जगहों पर ईडी के अधिकारी छानबीन कर रहे हैं। बाहर बड़ी संख्या में सीआरपीएफ और पुलिस के जवान तैनात हैं। वहीं सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता भी भूपेश बघेल के निवास व कार्यालय के आसपास जमा हो गए हैं। कांग्रेस कार्यकर्ता ईडी और केंद्र सरकार के खिलाफ लगातार नारेबाजी कर रहे हैं। यह छापेमारी बहुचर्चित शराब घोटाला, कोल लेवी स्कैम और महादेव सट्टा एप जैसे मामलों को लेकर की जा रही है। इस बीच भूपेश बघेल ने सुबह-सुबह ट्वीट किया है कि आज विधानसभा का अंतिम दिन है मैं अडानी के खिलाफ मामला उठाने वाला था इसलिए टीम को मेरे घर पर भेज दिया गया है। ज्ञात हो कि कुछ दिन पहले प्रवर्तन निदेशालय ने शराब घोटाला के मामले में श्री बघेल के आवास पर छापे मारे थे। 10 मार्च को ईडी ने शराब घोटाला मामले में उनके बेटे के खिलाफ धनशोधन जांच के तहत दुर्ग जिले के भिलाई-3 शहर में भूपेश बघेल के आवास पर छापा मारा था। इसके अलावा चैतन्य बघेल के कथित करीबी सहयोगी लक्ष्मी नारायण बंसल उर्फ पप्पू बंसल सहित 13 और ठिकानों पर भी धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के प्रावधानों के तहत तलाशी ली गई थी।ज्ञात हो कि आज ही चैतन्य बघेल का जन्मदिन है। कहा जा रहा है कि इस बार ईडी चैतन्य बघेल को हिरासत में ले सकता है।
इसलिए “साहेब” ने भेजा ईडी
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ईडी की छापेमारी को लेकर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने ट्वीट कर कहा है- ईडी आ गई, आज विधानसभा के मानसून सत्र का अंतिम दिन है, अडानी के लिए तमनार में काटे जा रहे पेड़ों का मुद्दा उठने वाला था, भिलाई निवास में “साहेब” ने ईडी भेज दी है। ज्ञात हो कि विधानसभा सत्र के चौथे दिन पाटन विधायक एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सदन में ईडी, ईओडब्ल्यू और सीबीआई की कार्रवाई पर सवाल भी उठाया था।
दीपक बैज की कड़ी प्रतिक्रिया
भूपेश बघेल के निवास पर ईडी की छापेमारी को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज की भी कड़ी प्रतिक्रिया सामने आई है। श्री बैज ने कहा है कि इंडिया गठबंधन से डरे हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और उनकी सरकार लोकतंत्र का गला घोटने, विपक्षी नेताओं को परेशान करने, उन्हें झूठे मामलों फंसाने और विपक्ष को कमजोर करने पर तुले हुए हैं। देश में लोकतंत्र का नामोनिशान मिटाने पर यह सरकार आमादा है। दीपक बैज ने कहा है कि विपक्षी दलों के मजबूत नेताओं को चुन चुनकर निशाना बनाया जा रहा है, ईडी, सीबीआई, इन्कमटैक्स विभाग, चुनाव आयोग जैसी संस्थाओं का दुरूपयोग किया जा रहा है। जनता सब देख रही है और भाजपा को इसका जवाब देने के लिए कमर कस चुकी है। श्री बैज ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निवास पर छापेमारी की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि आज ही कांग्रेस विधानसभा में अडानी की कोल माइंस के तमनार क्षेत्र में जंगलों की बेतहाशा कटाई का मामला उठाने वाली थी और श्री बघेल के घर ईडी की टीम भेज दी गई। पीसीसी चीफ दीपक बैज ने कहा कहा- मोदीजी आप चाहे कितने भी बड़े बड़े हथकंडे अपना लीजिए कांग्रेस डरने वाली नहीं है, अन्याय के खिलाफ हम लड़ते आए हैं और आगे भी लड़ते रहेंगे।
