बकावंड व करपावंड ब्लॉक में एसआईआर को लेकर विधायक लखेश्वर बघेल ने ली बैठक; संगठन की मजबूती पर जोर
बकावंड। विकासखंड बकावंड की ग्राम पंचायत उलनार में बकावंड ब्लॉक अंतर्गत आने वाले 4 मंडलों, 9 सेक्टरों एवं 71 बूथों तथा करपावंड ब्लॉक के 7 मंडलों, 18 सेक्टरों एवं 69 बूथों के कार्यकर्ताओं एवं जनप्रतिनिधियों की एक महत्वपूर्ण बैठक बस्तर विधायक लखेश्वर बघेल द्वारा आहूत की गई।
बैठक में विधायक लखेश्वर बघेल ने एसआईआर के संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि यह अभियान मताधिकार की सुरक्षा तथा वोटिंग प्रक्रिया की पारदर्शिता सुनिश्चित करने में एक अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने कहा कि एसआईआर फॉर्म ग्राम स्तर पर भरे जा रहे हैं, जिनमें चिन्हित मतदाताओं की जानकारी का सत्यापन बीएलओ के माध्यम से सुनिश्चित किया जाएगा इस कार्य में बूथ स्तर के पदाधिकारियों बीएलए एवं बूथ अध्यक्षों को जिम्मेदारी पूर्वक कार्य करते हुए सक्रिय सहयोग करने के निर्देश दिए गए। विधायक लखेश्वर बघेल ने कार्यकर्ताओं को सतर्क रहने की हिदायत देते हुए स्पष्ट किया कि वास्तविक मतदाताओं के नाम न काटे जाएं और किसी भी स्थिति में फर्जी नाम जोड़े जाने न पाएं। यदि देश में किसी पार्टी ने आम जनता के मताधिकार की रक्षा करने की जिम्मेदारी उठाई है तो वह कांग्रेस है। एसआईआर देशभर में वोटिंग में गड़बड़ी और धोखाधड़ी रोकने का सबसे महत्वपूर्ण उपकरण है, जिसे हमारे नेता राहुल गांधी ने देश के सामने रखा है।कांग्रेस आम जनता के अधिकारों की लड़ाई लड़ रही है। बैठक में उपस्थित बस्तर ग्रामीण जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रेमशंकर शुक्ला ने इस अभियान को ऐतिहासिक पहल बताते हुए कहा कि हर कार्यकर्ता प्रशिक्षित हो, हर बूथ सशक्त हो यही कांग्रेस की नई दिशा और दृष्टि है। कांग्रेस का यह प्रशिक्षण तथा एसआईआर मॉनिटरिंग अभियान बूथ से लेकर प्रदेश स्तर तक संगठन मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करने एवं राजनीतिक जागरूकता बढ़ाने का निर्णायक कदम है। बैठक में दोनों ब्लॉकों के कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और एसआईआर अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया। इस दौरान बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि औऱ समस्त कार्यकर्त्ता उपस्थित रहे।
