किसान विरोधी है भाजपा सरकार: अनिला भेंडिया
दल्लीराजहरा। डौंडी लोहारा विधायक अनिला भेंडिया ने आदिवासी विकासखंड डौंडी के विभिन्न गांवों में विधायक निधि से विकास कार्यों का लोकापर्ण व भूमिपूजन किया। इस दौरान उन्होंने भाजपा सरकार को किसान विरोधी करार देते हुए सरकार पर जमकर हमला बोला।
विधायक अनिला भेंडिया नें ग्रामीणों को सबसे पहले सावन के इस पवित्र महीने की बधाई देते हुए भगवान भोलेनाथ से अपने विधानसभा क्षेत्र सहित पूरे प्रदेश व देश की जनता की खुशहाली की कामना की। विधायक श्रीमती ने भेंडिया ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा की आज हमारे प्रदेश के किसान काफी परेशान हैं। भाजपा सरकार किसानों को समय पर खाद उपलब्ध नहीं करवा पाई, किसान खाद के लिए भटकते रहे।विधायक ने कहा कि भाजपा सरकार महतारी वंदन योजना के नाम पर एक हजार रुपए देकर पांच हजार रुपए की राशि जनता से वसूल रही है। आज बिजली के बिल से पूरी जनता काफी परेशान है। छोटे छोटे मजदूर, किसानों के घरों का बिल जो कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में दो, तीन सौ रुपए आता था आज वही बिजली का बिल एक हजार से ज्यादा आने लगा है। विधायक अनिला भेंडिया ने ग्रामीणों से कहा कि वे अपनी समस्याओं की लिखित शिकायत अपनी पंचायत और जनपद के माध्यम से जिला पंचायत को पहुंचाएं। जब तक समस्या निचले स्तर से नहीं उठेगी, जब तक सरकार के विरुद्ध आवाज बुलंद नहीं होगी, तब तक सरकार के कानों में जूं तक नहीं रेगेंगी। वहीं ग्राम पंचायत घोटिया में लगभग एक करोड़ रुपए की लागत से बने स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम हायर सेकंडरी स्कूल के लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान अनिला भेंडिया ने अपने उदबोधन में कहा की कांग्रेस के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की सोच थी की हमारे छत्तीसगढ़ प्रदेश के सुदूर वनांचल गांवों के बच्चे भी अंग्रेजी माध्यम की शाला में पढ़ें और अंग्रेजी बोलना सीखें। ताकि उन्हें किसी भी कंम्पटेटिव परीक्षा में परेशानी न हो। विधायक अनिला भेंडिया ने ग्राम पंचायत घोटिया के नवीन शासकीय महाविद्यालय में पहुंचकर विदयार्थियों को संबोधित किया और महाविद्यालय के संचालन हेतु महाविद्यालय के प्राचार्य को एक लाख रुपयों की सहयोग राशि प्रदान की।
कराया बच्चों का मुंह जूठा
ग्राम पंचायत घोटिया में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा विश्व स्तनपान सप्ताह मनाया गया। आयोजित कार्यक्रम में विधायक अनिला भेंडिया ने महिलाओं की आरती उतारकर उन्हें उपहार भेंट किया। वहीं छोटे बच्चों को खीर खिलाकर उनका मुंह जूठा करवाया गया। विधायक प्रतिनिधि पीयूष सोनी नें अपने उदबोधन में कहा की ग्राम पंचायत घोटिया में कांग्रेस कार्यकाल के दौरान मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के आगमन पर गांव के जनप्रतिनिधियों व ग्रामीणों ने एकसाथ मिलकर मुख्यमंत्री से गांव महाविद्यालय की मांग की थी। उस दौरान प्रदेश की महिला बाल विकास मंत्री रही अनिला भेंडिया ने मुख्यमंत्री को बताया कि घोटिया सहित आसपास के विभिन्न गांवों के बच्चों को 12 वीं के पश्चात महाविद्यालय की पढाई के लिए बालोद या फिर दल्लीराजहरा जाना पड़ता है। दूरी ज्यादा होने की वजह से लड़कियां आगे की पढाई से वंचित हो जाती हैं। श्रीमती भेंडिया ने मुख्यमंत्री से घोटिया में महाविद्यालय खोलने हेतु आग्रह किया। जिस पर मुख्यमंत्री ने तत्काल मंच पर गांव में महाविद्यालय खोलनें की घोषणा की और महाविद्यालय प्रारंभ किया गया। आज यहां बीए, बीकॉम और बीएससी की कक्षाएं संचालित हो रही हैं।
संवेदनशील हैं विधायक: सोनी
विधायक प्रतिनिधि पीयूष ने कहा कि जब भी विधायक मैडम से क्षेत्र में शिक्षा या किसी भी समस्या को लेकर बात की जाती है तो वे समस्या के निराकरण का पूरा प्रयास करती हैं। ताकि शिक्षा को लेकर ग्रामीण बच्चों को किसी भी तरह की परेशानी न हो। श्रीमती भेंडिया बेहद संवेदनशील जनप्रतिनिधि हैं। वे जनता के हितों का पूरा ध्यान रखती हैं। पीयूष सोनी ने महाविद्यालय के विद्यार्थियों से कहा कि वे अपने गुरुजनों व माता पिता का हमेशा सम्मान करें। पूरी मेहनत व लगन के साथ पढ़ाई करें और अपने लक्ष्य हासिल करें।विधायक ने ग्राम पंचायत सिंघोला के आक्षित ग्राम कंजेली में रंगमंच का भूमिपूजन, ग्राम पंचायत घोटिया में आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम की शाला के भवन का लोकार्पण, ग्राम पंचायत ठेमाबुजुर्ग के ग्राम बरबट्टी टोला में सामुदायिक भवन का भूमिपूजन, ग्राम परसोंदा में सामुदायिक भवन का लोकार्पण, ग्राम कुरुटोला में सामुदायिक भवन का लोकार्पण व सीसी रोड का भूमिपूजन, ग्राम चिहरो में सामुदायिक भवन का भूमिपूजन एवं ग्राम खुर्सीटिकुर में सामुदायिक भवन का भूमिपूजन किया। इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष चंद्रेश हिरवानी, विधायक प्रतिनिधि पीयूष सोनी, जनपद उपाध्यक्ष भोलाराम नेताम, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष बारला, जनपद सदस्य पुनीत सेन, पूर्व जनपद सदस्य कोमेश कोर्राम, नगर पंचायत डौंडी के विधायक प्रतिनिधि कैलाश राजपूत, पूर्व जनपद सदस्य कोमलेंद्र चंद्राकर सहित अन्य कांग्रेसी कार्यकर्ता व काफी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
