ग्राम बोडगा में प्रधानमंत्री आवास योजना की राशि में कथित अनियमितता

बीजापुर :- मंगलवार को जनपद पंचायत भैरमगढ़ के ग्राम पंचायत ईतामपार के आश्रित ग्राम बोडगा के आदिवासी ग्रामीण बीजापुर पहुंचे और विधायक विक्रम मंडावी से मिलकर प्रधानमंत्री आवास योजना की राशि को लेकर शिकायत की। ग्रामीणों के अनुसार, उनके बैंक खातों में आवास की राशि जमा होने के बाद ग्राम पंचायत सचिव कोमल निषाद ने उन्हें बैंक ले जाकर राशि निकालवाई और डरा-धमकाकर ज्यादातर राशि अपने पास रख ली।


ग्रामीणों ने विधायक विक्रम मंडावी के साथ मुख्यकार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत बीजापुर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया गया कि वे प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राही हैं। उनके बैंक खातों में प्रथम किस्त 40 हजार रुपये और द्वितीय किस्त 55 हजार रुपये प्राप्त हुए थे। इसके बाद सचिव कोमल निषाद ने राशि निकालने के बाद उन्हें केवल 500-500 रुपये दिए और शेष राशि अपने पास रख ली। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि अब तक सचिव ने करीब 26 लाख रुपये की राशि इस तरह हड़प ली है। साथ ही अन्य हितग्राहियों से भी लगातार बैंक ले जाकर राशि निकाली जा रही है। राशि न देने पर जेल भेजवाने की धमकी भी दी गई।
ग्रामीणों ने कहा कि वे लंबे समय से नक्सल हिंसा से प्रभावित रहे हैं। शासन-प्रशासन की योजनाओं से उन्हें नई उम्मीद जगी थी कि वे स्वयं अपने आवास का निर्माण कर सकेंगे। लेकिन आवास निर्माण की राशि हाथ से चली जाने के कारण वे बेहद परेशान हैं। उन्होंने तत्काल निष्पक्ष जांच कर राशि वापस दिलाने की मांग की।
इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए विधायक विक्रम मंडावी ने कहा कि हर व्यक्ति का सपना होता है कि उसका अपना मकान हो। प्रधानमंत्री आवास योजना जैसे महत्वपूर्ण योजना में गरीब आदिवासियों के साथ इस तरह का कथित घोटाला दुर्भाग्यपूर्ण है। इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।
वहीं मुख्यकार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत बीजापुर ने कहा कि इस मामले की जांच की जाएगी। ज्ञापन सौंपे जाने के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *