जिले में पानी टैंकरों की ख़रीदी व वितरण नियमानुसार, भाजपा बताए अपने दस वर्षों के कार्यकाल में विधायक निधि को खर्च कहाँ किया – ज्योति कुमार

बीजापुर:- भाजपा और उनके नेता मीडिया में बने रहने के लिए झूठे और भ्रामक आरोप लगाते है उनके आरोपों का सम्बंध सच्चाई से नहीं बल्कि मनगढ़ंत कहानियाँ बनाकर जनता के बीच केवल झूठ और भ्रम फैलाना एक मात्र उद्देश्य होता है, जिसे प्रदेश सहित बीजापुर जिले की जनता अच्छी तरह समझती है। उक्त बातें भाजपा ज़िला अध्यक्ष श्रीनिवास मुदालियार के आरोपों को ख़ारिज करते हुए ज़िला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता ज्योति कुमार ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा है।

अपने विज्ञप्ति में ज्योति कुमार ने आगे कहा है कि पानी टैंकरों की माँग ग्रामीण क्षेत्रों में सबसे अधिक है इससे ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित होने वाले सामाजिक कार्यक्रमों में पानी की समस्या से लोगों को राहत भी मिल रही है जिसे देखते हुए शासन के नियमानुसार ही विधायक निधि, ज़िला पंचायत एवं जनपद पंचायत के सदस्यों के निधियों का उपयोग पानी टैंकरों के वितरण के लिए कर रहे है, और ऐसा पहली बार हो रहा है कि किसी भी जनहित के कार्य में क्षेत्र की जनता, क्षेत्र के विधायक, अपने-अपने क्षेत्र के पंचायत प्रतिनिधि और पूरा प्रशासन आपसी सामंजस्य से भूपेश बघेल सरकार के कल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाने का काम कर रही है। वहीं दूसरी ओर भाजपा के लोग कल्याणकारी कार्य के विरोध में लगें है, ताकि क्षेत्र की जनता को टैंकरों के ज़रिए मिलने वाला शुद्ध पानी भी न मिल सके, भाजपा की कथनी और करनी में यही फ़र्क़ है।

भाजपा और उनके नेताओं से सवाल करते हुए ज्योति कुमार ने कहा कि पिछले पंद्रह सालों तक लगातार भ्रष्टाचार में लिप्त रहे भाजपा और उनके नेता क्षेत्र की जनता को बताए कि पिछले दस वर्षों के विधायक निधि का उपयोग भाजपा और पूर्व विधायक महेश गागड़ा ने कहाँ कहाँ किया है ? अपने विज्ञप्ति में ज्योति कुमार ने कहा कि बीजापुर के सर्वांगीण विकास के लिए प्रदेश के मुखिया भूपेश बघेल, उद्योग एवं आबकारी व बीजापुर जिले के प्रभारी मंत्री कवासी लखमा, बस्तर सांसद दीपक बैज एवं बस्तर क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष एवं बीजापुर के विधायक विक्रम शाह मंडावी सहित पूरा प्रशासन पूरी ईमानदारी से लोगों के विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। क्षेत्र की जनता भाजपा और उनके नेताओं के झूठ, भ्रम और मनगढ़ंत कहानियों को पूरी तरह नकार चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *